500 से अधिक नेत्रदान में योगदान, कई जिंदगियों को दी नई रोशनी

दौंड : नेत्रदान के लिए एक फोन आते ही अपने हाथ का काम छोड़कर तत्काल मौके पर पहुंचना, नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाना और दान किए गए नेत्रों को सुरक्षित रूप से पुणे की आई बैंक तक पहुंचाने के लिए समन्वय करना—इसी सेवाभाव को वर्षों से निरंतर आगे बढ़ाने वाले नेत्र विशेषज्ञ डॉ. प्रेमकुमार भट्टड का आज जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों द्वारा उनके चिकित्सा एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की जा रही है।
दौंड के साथ श्रीगोंदा, बारामती, इंदापुर और शिरूर तहसील क्षेत्र में कहीं भी नेत्रदान की आवश्यकता होने की सूचना मिलते ही डॉ. भट्टड अपने वाहन से तत्काल संबंधित स्थान पर पहुंचते हैं। नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दान किए गए नेत्रों को सुरक्षित रूप से पुणे स्थित आई बैंक तक पहुंचाने और आगे की प्रक्रिया के लिए वे स्वयं समन्वय करते हैं। यह जानकारी आप पक्ष के दौंड तालुका अध्यक्ष रवींद्र जाधव इनोने दी|
अब तक 500 से अधिक नेत्रदान प्रक्रियाओं में योगदान देकर अनेक दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी लाने का कार्य डॉ. भट्टड ने किया है।
नेत्रदान अभियान के साथ ही पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से वे नेत्र जांच शिविर, जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मा वितरण, आंखों की बीमारियों के लिए नि:शुल्क दवा एवं उपचार तथा आवश्यकता के अनुसार मरीजों की शल्य चिकित्सा में सहायता जैसे सामाजिक उपक्रम लगातार चला रहे हैं।
स्कूलों, महाविद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और विभिन्न मंडलों के सहयोग से नेत्रदान का महत्व, आंखों की देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जनजागृति अभियान भी उनके द्वारा निरंतर चलाया जाता है।
उनकी निस्वार्थ और निरपेक्ष सामाजिक सेवा का महाराष्ट्र सरकार सहित राज्य की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं और संगठनों ने सम्मान किया है। उन्हें उनके सेवाकार्यों के लिए विभिन्न पुरस्कार और सम्मानपत्र भी प्रदान किए गए हैं।
चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने वाले डॉ. प्रेमकुमार भट्टड के जन्मदिन पर विभिन्न क्षेत्रों से उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

रिपोर्टर : प्रमोद दत्तात्रय काकडेसर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.