गडचिरोली में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद
गडचिरोली : महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे गडचिरोली जिले के कोपर्शी जंगल क्षेत्र में पुलिस ने अभियान चलाकर जमीन में छिपाकर रखे गए माओवादी हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान कुल 6 अग्निशस्त्र, 10 बीजीएल सेल, 21 जिंदा कारतूस, 7 डेटोनेटर और 150 मीटर केबल वायर समेत अन्य सामग्री जब्त की गई। अभियान के दौरान मिली कुछ अन्य माओवादी सामग्री को सुरक्षा कारणों से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, माओवादी संगठन द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले और अन्य हिंसक गतिविधियों के लिए हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को दुर्गम जंगल क्षेत्रों में छिपाकर रखा जाता था। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा के कोपर्शी जंगल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री जमीन में दबाकर रखी गई है।
सूचना के आधार पर 6 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, गडचिरोली एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष तलाशी अभियान शुरू किया गया। अभियान के लिए प्राणहिता स्थित विशेष अभियान दल की 5 टुकड़ियां और बम निरोधक एवं विनाशक दस्ता (BDDS) की 2 टीमें रवाना की गईं। जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर बीडीडीएस के जवानों ने गहन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम को जमीन में छिपाकर रखी गई निम्नलिखित सामग्री बरामद हुई:
- 1 .303 रायफल
- 2 सिंगल शॉट रायफल
- 2 देसी पिस्तौल
- 1 बीजीएल लॉन्चर
- 10 बीजीएल सेल
- 21 जिंदा कारतूस
- 7 डेटोनेटर
- 150 मीटर केबल वायर
- 2 मैगजीन
- 2 कुकर
- 3 वॉकी-टॉकी
- 3 वॉकी-टॉकी चार्जर
- 2 वॉकी-टॉकी बैटरियां
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान बरामद अन्य माओवादी सामग्री को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और मार्गदर्शन में घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी, अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) हर्षवर्धन बी. जे. तथा पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की निगरानी में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस टीम के जवानों ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने अभियान में शामिल सभी जवानों की कार्रवाई की सराहना की।
रिपोर्टर : चंद्रशेखर पुलगम

No Previous Comments found.