श्रीगोंदा में 400 मीटर रनिंग ट्रैक और अधूरी लाइब्रेरी शुरू करने की मांग, युवक कांग्रेस का आंदोलन
अहिल्यानगर : श्रीगोंदा तहसील के एमपीएससी, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए 400 मीटर का आधिकारिक रनिंग ट्रैक उपलब्ध कराने तथा नगर परिषद क्षेत्र में अधूरी पड़ी लाइब्रेरी का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कर उसे विद्यार्थियों के लिए शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार, 16 नवंबर 2026 को तहसील कार्यालय के बाहर आंदोलन किया गया।
महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रशांत ओगले के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि श्रीगोंदा तहसील के अनेक विद्यार्थी एमपीएससी, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा के लिए आवश्यक 400 मीटर का आधिकारिक एवं स्थायी सरकारी रनिंग ट्रैक उपलब्ध नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को निजी मैदानों या दूसरे स्थानों पर अभ्यास के लिए जाना पड़ता है। इससे उनका समय, पैसा और मेहनत खर्च होती है। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही श्रीगोंदा नगर परिषद क्षेत्र में लाइब्रेरी का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। विद्यार्थियों को शांत और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई करने के लिए पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसलिए लाइब्रेरी का शेष निर्माण कार्य तत्काल पूरा कर उसे विद्यार्थियों के लिए शुरू करने की मांग की गई।
आंदोलन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि उपलब्ध सरकारी जमीन का निरीक्षण कर 400 मीटर रनिंग ट्रैक सहित स्थायी खेल मैदान विकसित किया जाए। शहर के नजदीक उपयुक्त जगह निर्धारित कर आवश्यक प्रशासनिक मंजूरी और निधि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधूरी लाइब्रेरी के निर्माण कार्य की समीक्षा कर नगर परिषद प्रशासन को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जाएं।
दोनों मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई कर विद्यार्थियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी देने की मांग भी ज्ञापन में की गई।इस अवसर पर प्रशांत ओगले सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्टर : अमर घोडके

No Previous Comments found.