केडगांव (दौंड) में राशन का काला बाज़ार: लाखों का अनाज ज़ब्त, आरोपी गिरफ्तार

केडगांव : दौंड तालुका के केडगांव में सरकारी राशन के अनाज की कालाबाज़ारी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस और महसूल विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति को रंगेहाथ पकड़ते हुए भारी मात्रा में अनाज ज़ब्त किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, केडगांव कृषि उत्पन्न बाजार समिति में किराए पर लिए गए गोदाम में सरकारी राशन का माल अवैध रूप से जमा कर उसे परिचित ग्राहकों को बेचने की कोशिश की जा रही थी। इस गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

इस मामले में पुलिस स्टेशन में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता पंकज गोपाल गोरे (उम्र 34 वर्ष), जो दौंड तहसील में आपूर्ति निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के आधार पर आरोपी सुनील विश्वनाथ निंबाळकर (निवासी केडगांव, तालुका दौंड, जिला पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को सुबह 10:45 बजे से शाम 7:45 बजे के बीच की गई कार्रवाई में आरोपी के गोदाम से करीब 492 कट्टे गेहूं (प्रत्येक 45 से 50 किलो) जिसकी कीमत 8,85,600 रुपये तथा 144 कट्टे चावल (प्रत्येक 45 से 50 किलो) जिसकी कीमत 2,84,256 रुपये बरामद किए गए। कुल ज़ब्त माल की कीमत 10,69,856 रुपये बताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का अनाज भंडारण लाइसेंस वर्ष 2017-18 में ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह अवैध रूप से राशन का माल जमा कर काला बाज़ार करने की तैयारी में था।
इस पूरे मामले की आगे की जांच यवत पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक वागज कर रहे हैं।

रिपोटर : अर्जुन मंडवाले

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.