अनसिंग में ढगे बंधु फार्मर प्रोड्युसर कंपनी का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दुग्ध उत्पाद निर्माण से मिली नई पहचान

वाशिम : वाशिम जिले के अनसिंग गांव में प्रगतिशील किसान कुंडलिक पिराजी ढगे और उनके पुत्रों द्वारा स्थापित ‘ढगे बंधु फार्मर प्रोड्युसर कंपनी लिमिटेड’ की कार्यप्रणाली का निरीक्षण जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर ने किया। इस दौरान उन्होंने शंभू ऋषि संस्थान रोड स्थित संतोष कुंडलिक ढगे के खेत में चल रहे दुग्ध प्रकल्प का दौरा किया।

इस कंपनी के अंतर्गत ‘सात्विक दूध डेरी व दूध संकलन केंद्र’ सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। यहां केवल दूध संकलन ही नहीं, बल्कि दूध से पेड़ा, बासुंदी, खवा, आईस्क्रीम, घी, पनीर, कुल्फी, दही और छाछ जैसे कई दुग्ध उत्पाद आधुनिक पद्धति से तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग होने से कंपनी को आर्थिक सफलता मिल रही है।
कुंडलिक पिराजी ढगे और उनके परिवार द्वारा शुरू किए गए इस स्टार्टअप से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर ने दुग्ध उत्पाद निर्माण और भंडारण व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया तथा एक किसान परिवार द्वारा कंपनी के माध्यम से किए गए इस बड़े विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों का उत्पादक से उद्यमी बनना समय की जरूरत है।
इस अवसर पर राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : नागेश अवचार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.