निर्वी गांव में जलसंवर्धन की मिसाल; तालाब गहरीकरण से बढ़ेगी 8.63 करोड़ लीटर जलसंग्रह क्षमता
अहमदनगर : “पानी रोको, पानी बचाओ — गांव बचाओ, गांव का विकास ही देश का विकास” इस संकल्पना को साकार करते हुए पुणे जिले के निर्वी गांव में जलसंवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य जोर-शोर से चल रहा है। निर्वी गांव के गौरव तथा आयकर विभाग में जॉइंट कमिश्नर पद पर कार्यरत संदीप पवार के प्रयासों तथा नाना पाटेकर और मकरंद अनासपुरे की नाम फाउंडेशन के माध्यम से गांव के तालाब से गाद निकालने का व्यापक अभियान पिछले दो महीनों से जारी है।
इस अभियान के अंतर्गत लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में 5 से 10 फीट तक खुदाई कर भारी मात्रा में गाद निकाली गई है। इससे तालाब की जलसंग्रह क्षमता में बड़ी वृद्धि होगी और अनुमानित 8 करोड़ 63 लाख 36 हजार लीटर अतिरिक्त पानी का संग्रह संभव हो सकेगा। इसका सीधा लाभ गांव के सिंचन क्षेत्र और किसानों को मिलने वाला है।
इस जनहितकारी कार्य में वर्तमान सरपंच सौ. भाग्यश्री कमलेश बुऱ्हाडे, पूर्व सरपंच तात्यासाहेब सोनवणे, श्रीपाद ज्वेलर्स के संचालक कमलेश बुऱ्हाडे, विशाल भैया शेळके सहित समस्त निर्वी ग्रामस्थों ने सक्रिय सहभाग लिया है। ग्रामीणों की एकजुटता और सामाजिक भावना के कारण यह कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वहीं नाम फाउंडेशन द्वारा आवश्यक निधि और मशीनरी उपलब्ध कराई गई। डीजल खर्च की समस्या सामने आने पर संदीप पवार ने स्वयं पहल करते हुए CSR के माध्यम से निधि उपलब्ध कराई। इसके लिए भाजपा के पनवेल विधायक प्रशांत ठाकूर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
तालाब की सफाई और गहरीकरण के साथ-साथ अब गांव के नाले के गहरीकरण का कार्य भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। मानसून से पहले जलसंवर्धन की दिशा में उठाया गया यह कदम भविष्य में जलसंकट दूर करने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे सूखा प्रभावित खेती को बागायती खेती में बदलने में मदद मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
“देण समाजाचे… हित गावाचे” की भावना के साथ ग्रामीण, सामाजिक संस्थाएं और प्रशासन मिलकर गांव के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। इस जलसंवर्धन अभियान से निर्वी गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।
रिपोर्टर : संजय चव्हाण

No Previous Comments found.