सिसवा ब्लॉक में ‘पंजा राज’: NMMS हाजिरी में मजदूर नहीं,हाथ बने कामगार

महाराजगंज - सरकार भले ही मनरेगा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए NMMS फेस रिकॉग्निशन जैसे अत्याधुनिक सिस्टम लागू कर रही हो, लेकिन भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला में बैठे जिम्मेदार हर नई तकनीक से एक कदम आगे निकलते दिखाई दे रहे हैं। ताज़ा मामला उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के सिसवा ब्लॉक का है, जहां इंसानों की जगह हाथ के पंजे मनरेगा मजदूर बन गए।

अब तक एक ही फोटो से कई-कई मस्टर रोल भरने की चर्चाएं सामने आती रही हैं, लेकिन सिसवा ब्लॉक में तो भ्रष्टाचार ने तकनीक को खुली चुनौती दे दी। यहां NMMS ऐप में मजदूर के चेहरे की बजाय हाथ के पंजे की तस्वीर अपलोड कर हाजिरी पूरी कर दी गई। कागजों में काम पूरा, मोबाइल में मजदूर उपस्थित और ज़मीन पर सन्नाटा—यही सिसवा ब्लॉक की हकीकत बन गई है।

यह गंभीर अनियमितता ग्राम पंचायत बेलभरिया में सामने आई है, जहां अंकुर के खेत से करमही सिवान तक नाला सफाई व मिट्टी कार्य मनरेगा के तहत कराया जाना दर्शाया गया है। लेकिन मौके की सच्चाई यह है कि काम से ज्यादा ‘कमाल’ हाजिरी में हुआ, जहां मजदूरों की जगह पंजे काम पर भेजे गए। अब सवाल यह नहीं है कि यह फर्जीवाड़ा कैसे हुआ, बल्कि सवाल यह है कि यह सब किसकी निगरानी में हुआ? क्या ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारियों को इंसान और हाथ के पंजे में फर्क नजर नहीं आता? या फिर यह मान लिया जाए कि भ्रष्टाचार अब इतना नंगा हो चुका है कि उसे ढकने की भी जरूरत नहीं समझी जा रही?

मामला उजागर होते ही संबंधित महकमे में हड़कंप मच गया है। इसे दबाने, संभालने और ‘मैनेज’ करने की कवायद शुरू हो चुकी है। लेकिन यह घटना केवल एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मनरेगा सिस्टम और NMMS निगरानी व्यवस्था पर करारा तमाचा है। सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर पारदर्शिता के नाम पर सिस्टम खड़ा करती है, और कुछ लोग उसे हाथों की उंगलियों पर गिनकर तोड़ने में लगे हैं। एक तरफ असली मजदूर रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है, वहीं दूसरी तरफ हाथ के पंजे मनरेगा के स्थायी मजदूर बन चुके हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि— इस खुलासे के बाद भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई होती है या फिर पंजों से भरी हाजिरी की तरह यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा।


रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.