मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल अनिल ढींगरा ने मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई हेतु निर्धारित स्थलों का स्थलीय किया निरीक्षण

महराजगंज: मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल अनिल ढींगरा द्वारा विधानसभा क्षेत्र पनियरा के अंतर्गत विकास खंड परतावल में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई हेतु निर्धारित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जारी नोटिसों की संख्या की जानकारी ली। ईआरओ पनियरा ने बताया कि नो मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिस की संख्या 40912 है, जबकि लगभग 51000 मतदाताओं को तार्किक विसंगति हेतु नोटिस भेजा गया है। ईआरओ पनियरा द्वारा बताया गया कि इस दौरान लगभग 11500 फॉर्म 06 भी प्राप्त किया गया है। मंडलायुक्त ने नोटिस जारी कर समयांतर्गत सुनवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि यदि कोई मतदाता नियत तिथि पर नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी सुनवाई अन्य तिथियों में भी सुनिश्चित करें। उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए ईआरओ पनियरा सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त ने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित रहें तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके उपरांत मंडलायुक्त द्वारा जनपद में एसआईआर के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार राजनीतिक दलों और समस्त ईआरओ के साथ की गई। सभी ईआरओ द्वारा विधानसभावार अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया। उन्होंने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि अपने बीएलए के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को सुनवाई स्थल पर भेजें। उन्होंने बताया कि इस सन्दर्भ में जिला प्रशासन द्वारा जल्द ही सुनवाई स्थलों का विकेंद्रीकरण किया जा रहा है और अब जारी नोटिस की सुनवाई बड़े मतदान केंद्रों सहित अन्य स्थलों पर किया जाएगा। ताकि मतदाताओं को अपने मतदान स्थल से बहुत दूर न जाना पड़े। मंडलायुक्त ने सभी तहसीलों को निवास प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर जारी करने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदाताओं को असुविधा न हो। कहा कि सभी ईआरओ सुनिश्चित करें कि मतदाता आसानी से फॉर्म 06 जमा कर सकें और फॉर्म 07 के तहत विलोपन की प्रक्रिया नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से हो। राजनीतिक दलों के अनुरोध पर उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ को पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराया जाए और ईआरओ सुनिश्चित करें कि शत–प्रतिशत इच्छुक मतदाताओं को फॉर्म 06 उपलब्ध रहे। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया में जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए सतत संवाद एवं समन्वय की सराहना की। मंडलायुक्त ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी निर्वाचक नामावली तैयार करना है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर गहन पर्यवेक्षण, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ईआरओ को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करें तथा राजनीतिक दलों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया। इस दौरान जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल , परतावल ब्लाक प्रमुख सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। .............. रिपोर्टर- अंगद शर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.