कोर्ट के आदेश पर कोठीभार पुलिस ने सौतेली सास समेत तीन पर किया केस दर्ज

महराजगंज  :  कोठीभार थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक विवाहिता को चाय में गर्भपात की दवा मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर कोठीभार पुलिस ने विवाहिता की शिकायत के आधार पर उसकी सौतेली सास समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे गर्भपात कराने की नीयत से दवा पिलाई गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और रक्तस्राव शुरू हो गया।न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 2 दिसंबर 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी सौतेली सास उससे रंजिश रखती थी। आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 की शाम सौतेली सास ने गांव के दो अन्य लोगों के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर से गर्भपात की दवा मंगाई। यह दवा उसे चाय में मिलाकर पिलाई गई।अगले दिन, 10 अप्रैल को पीड़िता को रक्तस्राव शुरू हो गया। 11 अप्रैल को हालत बिगड़ने पर सिसवा कस्बा स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में उसकी जांच कराई गई। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट अपने पास रख ली। जब उसने रिपोर्ट मांगी तो उसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई।बाद में जब पीड़िता अपने पति के साथ रिपोर्ट लेने सेंटर पहुंची, तो उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट एक सप्ताह बाद डिलीट कर दी जाती है। पीड़िता का आरोप है कि उसने पहले कोठीभार पुलिस और फिर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी दावा किया कि उसके भाई के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर उस पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। इसके बाद, न्याय पाने के लिए पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने पुष्टि की है कि न्यायालय के आदेश पर पीड़िता की सौतेली सास सहित तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.