महराजगंज जिलाधिकारी ने किया प्रशासनिक अधिकारीयों का फेरबदल, IAS शिवम कुमार को बनाया गया सदर एसडीएम

महराजगंज जनपद में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बड़ा प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया साथ ही अधिकारीयों को अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा है जनहित और शासकीय कार्यहित में एसडीएम स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। नवागत संयुक्त मजिस्ट्रेट IAS शिवम कुमार को सदर एसडीएम की जिम्मेदारी मिली है, जबकि सदर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी को निचलौल भेजा गया है। इसके साथ ही सिद्धार्थ गुप्ता, विजय यादव समेत तीन नवागत तहसीलदारों की भी नई तैनाती की गई है। महराजगंज जनपद के प्रशासनिक गलियारों में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने एसडीएम और तहसीलदार स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए। जनहित एवं शासकीय कार्यहित का हवाला देते हुए जारी आदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सबसे बड़ा बदलाव सदर तहसील में हुआ है, जहां नवागत संयुक्त मजिस्ट्रेट IAS शिवम कुमार को सदर एसडीएम की कमान सौंप दी गई है। वहीं अब तक सदर एसडीएम की जिम्मेदारी संभाल रहे अवनीश त्रिपाठी को निचलौल तहसील भेजा गया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार नवागत संयुक्त मजिस्ट्रेट शिवम कुमार को तत्काल प्रभाव से उपजिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट सदर के पद पर तैनाती दी गई है। सदर तहसील जिले की महत्वपूर्ण तहसीलों में शामिल है और यहां राजस्व, भूमि विवाद, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न प्रशासनिक मामलों का दबाव लगातार बना रहता है। ऐसे में युवा IAS अधिकारी को सदर की कमान मिलना प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। वहीं अवनीश त्रिपाठी को सदर से हटाकर उपजिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट निचलौल बनाया गया है। इसके साथ ही सिद्धार्थ गुप्ता, जो उपजिलाधिकारी निचलौल के पद पर थे, को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट महराजगंज की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें उपजिलाधिकारी (न्यायिक) फरेन्दा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। प्रशासनिक फेरबदल में विजय यादव का भी कार्यक्षेत्र बदला गया है। उन्हें कलेक्ट्रेट महराजगंज के अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पद से हटाकर उपजिलाधिकारी (न्यायिक) निचलौल की जिम्मेदारी दी गई है। उनके कार्यक्षेत्र में लोकसभा, विधानसभा एवं विधान परिषद प्रश्न, नेहरू युवा केंद्र/खेलकूद/अल्पबचत तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना से जुड़े कार्य भी शामिल किए गए हैं। प्रशासनिक कार्यविभाजन में जीतेन्द्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर महराजगंज को अपर उपजिलाधिकारी सदर के वर्तमान पद के साथ-साथ उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी महराजगंज का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा उन्हें कलेक्ट्रेट के संबंधित डीआरओ कोड के लिए आहरण एवं वितरण अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। विधानसभा पनियरा-319, जन सूचना अधिकारी कलेक्ट्रेट, ऑडिट, नजूल भूमि, शत्रु एवं निष्क्रांत संपत्ति, वन बंदोबस्त, सीलिंग, जांच, प्रमाण पत्र और पेंशन-लोकतंत्र सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व भी दिए गए हैं। एसडीएम स्तर के फेरबदल के साथ जिले की तहसीलों में भी नई तैनाती की गई है। आदेश के अनुसार जीतेन्द्र कुमार त्रिपाठी को तहसीलदार (न्यायिक) निचलौल, कुन्दन वर्मा को तहसीलदार (न्यायिक) नौतनवां तथा ऋषभ कुमार सिंह को तहसीलदार (न्यायिक) फरेन्दा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना गया है। अतिरिक्त प्रभार के लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.