एसकेएसडी के विद्यार्थियों ने एमएमएमयूटी और महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक का किया शैक्षिक भ्रमण
महाराजगंज : एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 10वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के उद्देश्य से मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) एवं महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक संस्थान के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ड्रोन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, 3डी प्रिंटिंग और आधुनिक कंप्यूटिंग तकनीकों को करीब से समझा।
एमएमएमयूटी में विद्यार्थियों ने ड्रोन एवं आईओटी प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया। विशेषज्ञों ने उन्हें ड्रोन की कार्यप्रणाली, आईओटी तकनीक तथा इनके विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग की जानकारी दी। विद्यार्थियों के समक्ष ड्रोन का उड़ान प्रदर्शन भी किया गया, जिसे देखकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान इसरो के पूर्व वैज्ञानिक एवं एमएमएमयूटी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को विज्ञान, तकनीक एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए जिज्ञासा, मेहनत और निरंतर सीखने की भावना को सफलता का आधार बताया।
एमएमएमयूटी के पीएचडी शोधार्थी अंकित कुमार एवं प्रांजल पांडेय ने विद्यार्थियों को ड्रोन और आईओटी से जुड़ी तकनीकी जानकारी दी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप पॉलीटेक्निक संस्थान के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भ्रमण किया। यहां उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, 3डी प्रिंटिंग एवं सीएडी तथा ड्रोन लैब का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों को एनवीडिया के सुपरकंप्यूटर सहित आधुनिक कंप्यूटिंग तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही 3डी प्रिंटिंग, कंप्यूटर एडेड डिजाइन, साइबर सिक्योरिटी और ड्रोन तकनीक के व्यावहारिक उपयोग एवं भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया गया।
महाराणा प्रताप ग्रुप के निदेशक प्रो. डॉ. सुधीर अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत सिंह एवं प्रधानाचार्य दीपक जायसवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान शिक्षक शिव कुमार चौरसिया एवं छमा मैडम विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहीं।
शैक्षिक भ्रमण में उत्कर्ष भालोटिया, रजत जायसवाल, संजीव जायसवाल, युग सिंह, गौरव सिंह, समृद्धि सिंह, अनुराग चौधरी, आयुष अग्रहरी, अंशिका पुरी, अपूर्वा जायसवाल, खुशी सिंह, आनंद कुमार, अस्तित्व गुप्ता, धीरज कुमार, विशाल तिवारी, ज्यश गुप्ता एवं शुभम यादव सहित कक्षा 10वीं एवं 11वीं के अन्य विद्यार्थी शामिल रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.