सिसवा में रोटरी क्लब निचलौल ने आयोजित की लंबी दौड़ प्रतियोगिता, बालक-बालिका वर्ग के विजेताओं को किया सम्मानित

महराजगंज : सिसवा नगरपालिका के गांधी नगर वार्ड स्थित महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज में शनिवार को रोटरी क्लब निचलौल की ओर से लंबी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के दर्जनों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता तथा दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष कैप्टन मानवेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन के तहत सीनियर बालक वर्ग के लिए पांच किलोमीटर तथा जूनियर बालक वर्ग के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी। वहीं बालिका वर्ग की प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

*इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी*

प्रतियोगिता के परिणाम में सीनियर बालक वर्ग में रामसूरत यादव ने प्रथम, रवि ने द्वितीय तथा फरियाद अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में करण शर्मा प्रथम, किशन यादव द्वितीय और प्रदीप यादव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में पूनम निषाद ने प्रथम, उमा साहनी ने द्वितीय तथा प्रिया थापा ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

*साइकिल सहित आकर्षक पुरस्कार देकर किया सम्मानित*

प्रतियोगिता के समापन पर रोटेरियन कैप्टन मानवेंद्र सिंह, अरुण पांडेय, ओ.ए. जोसेफ, विवेक चौरसिया, डॉ. पंकज तिवारी, प्रभात सोनी, कृष्ण मुरारी सिंह, शिव सोनी और सुरेंद्र मल्ल ने विजेता प्रतिभागियों को साइकिल सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर विजेताओं के चेहरे खिल उठे। इस दौरान अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

आयोजकों ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य पंडित मदन पांडेय, अमरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, विश्वभरनाथ पांडेय, अंकित शुक्ला, शिव सोनी सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.