महराजगंज के नवागत जिलाधिकारी, शिवशरणप्पा जी.एन. ने संभाला पदभार बोले — भ्रष्टाचार और लापरवाही पर रहेगी जीरो टॉलरेंस, जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारना पहली प्राथमिकता
महराजगंज के नवागत जिलाधिकारी, शिवशरणप्पा जी.एन. ने संभाला पदभार
बोले — भ्रष्टाचार और लापरवाही पर रहेगी जीरो टॉलरेंस, जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारना पहली प्राथमिकता
महराजगंज जिले के नवागत जिलाधिकारी ने आज पदभार ग्रहण कर लिया है । नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., आई.ए.एस. ने कोषागार कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी / मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। पदभार ग्रहण समारोह में जिले के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से वार्ता करते हुए नवागत जिलाधिकारी ने जिले के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
उन्होंने जनगणना और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को भी जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में बताया। कहा कि दोनों कार्यों को पूरी पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से कराया जाएगा।
भ्रष्टाचार को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार और शासकीय कार्यों में लापरवाही पर शून्य सहिष्णुता रहेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवागत जिलाधिकारी के पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा देखने को मिली। लोगों को उम्मीद है कि नए जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान होगा।
Report by- angad sharma

No Previous Comments found.