महराजगंज में एसपी ने 166 पुलिसकर्मियों का किया तबादला, पर नाम की सूची जारी न होने से विभाग में हड़कंप
महराजगंज में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद के कुल 166 पुलिसकर्मियों का अन्तःजनपदीय स्थानांतरण किया है। इसमें 88 उप निरीक्षक और 78 आरक्षी शामिल हैं।
लेकिन तबादले की खबर के साथ ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वजह ये है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से अभी तक स्थानांतरित पुलिसकर्मियों के नाम की विस्तृत सूची सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में सिर्फ संख्या बताई गई है — 166 का तबादला। पर *किसका तबादला कहाँ हुआ, किस थाने से किस थाने भेजा गया,* इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इसी को लेकर पूरे जिले के थानों और पुलिस लाइन में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
पुलिसकर्मी एक-दूसरे से फोन करके यही पूछते रहे — *“तुम्हारा नाम लिस्ट में है क्या? तुम्हारा कहाँ हुआ?”* किसी के पास पुख्ता जवाब नहीं था। कई पुलिसकर्मी असमंजस में हैं कि उन्हें नई तैनाती पर कब और कहाँ ज्वाइन करना है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, नाम की सूची न जारी होने से तरह-तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह कार्रवाई की गई है और जल्द ही संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यक्तिगत रूप से आदेश से अवगत करा दिया जाएगा।
फिलहाल, 166 के तबादले की खबर ने महराजगंज पुलिस में बड़ी हलचल पैदा कर दी है, और सबकी नजर अब नाम वाली लिस्ट पर टिकी हुई है।.........
रिपोर्ट- अंगद शर्मा, ब्यूरो चीफ - सी न्यूज भारत, महराजगंज*

No Previous Comments found.