मेक इन इंडिया को बढ़ावा: सेना को स्वदेशी कार्बन फैब्रिक और कंपोजिट मैटेरियल की सप्लाई करेगी देशी कंपनी-
मेक इन इंडिया को बढ़ावा: सेना को स्वदेशी कार्बन फैब्रिक और कंपोजिट मैटेरियल की सप्लाई करेगी देशी कंपनी-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को रक्षा क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। अब भारतीय सेना को एडवांस कार्बन फैब्रिक और हाई-परफॉर्मेंस कंपोजिट मैटेरियल की आपूर्ति एक स्वदेशी कंपनी करेगी। तमिलनाडु स्थित अग्निवस्त्रा प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय सेना के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस समझौते के तहत कंपनी सेना के लिए एडवांस कार्बन और अन्य संबद्ध सामग्रियों की कस्टम डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग करेगी। इन उत्पादों को विशेष रूप से हाई-स्टेक और क्रिटिकल डिफेंस एप्लिकेशन के लिए तैयार किया जाएगा। यह सामग्री मिसाइल, रॉकेट और अन्य रक्षा उपकरणों के निर्माण में उपयोगी होगी।
अग्निवस्त्रा की स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी और 2012 में कंपनी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की सप्लायर बनी। कार्बन फैब्रिक रॉकेट कंपोनेंट का एक अहम कच्चा माल है, जिसका उपयोग मिसाइल, स्पेस शटल और सैटेलाइट निर्माण में किया जाता है। कंपनी PSLV, GSLV और LVM3 जैसे महत्वपूर्ण अंतरिक्ष प्रक्षेपण कार्यक्रमों के लिए भी कार्बन फैब्रिक की आपूर्ति कर चुकी है। इसके अलावा यह रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की भी मान्यता प्राप्त सप्लायर है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूती मिलेगी। साथ ही विदेशों से आयात पर निर्भरता घटेगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी। स्वदेशी उत्पादन न केवल लागत कम करेगा बल्कि रणनीतिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देगा।
‘मेक इन इंडिया’ के तहत यह कदम देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

No Previous Comments found.