मालदीव घूमने के लिए बनाएं 4 दिन-3 रात का प्लान, समुद्र से लेकर सैंडबैंक तक उठाएं हर पल का मजा
मालदीव भारतीय पर्यटकों के पसंदीदा विदेशी पर्यटन स्थलों में से एक है। नीले समुद्र का खूबसूरत नजारा, सफेद रेत वाले बीच, आलीशान रिसॉर्ट्स और शांत वातावरण इसे हनीमून से लेकर फैमिली ट्रिप तक के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन बनाते हैं। अगर आप भी रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कुछ दिन सुकून और रोमांच के बीच बिताना चाहते हैं, तो मालदीव की ट्रिप प्लान कर सकते हैं।मालदीव घूमने के लिए 4 दिन और 3 रातों का ट्रिप प्लान काफी अच्छा विकल्प हो सकता है। इस दौरान आप बीच पर रिलैक्स करने के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, स्नॉर्कलिंग, आइलैंड हॉपिंग और खूबसूरत सनसेट का आनंद ले सकते हैं। आइए जानते हैं मालदीव के लिए 4 दिन-3 रातों का शानदार ट्रैवल प्लान।
पहला दिन: माले पहुंचें और रिसॉर्ट में बिताएं सुकून भरी शाम
मालदीव ट्रिप की शुरुआत राजधानी माले के वेलाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने से होगी। एयरपोर्ट से आपके चुने हुए होटल या रिसॉर्ट तक पहुंचने के लिए स्पीडबोट या सी-प्लेन की सुविधा मिल सकती है। आप माफुशी, गुलही जैसे स्थानीय द्वीपों या किसी प्राइवेट आइलैंड रिसॉर्ट में ठहरने का विकल्प चुन सकते हैं।रिसॉर्ट पहुंचकर चेक-इन करें और कुछ देर आराम करें। शाम के समय समुद्र किनारे टहलते हुए खूबसूरत सनसेट का आनंद लें। अगर आप अपने पार्टनर के साथ ट्रिप पर हैं, तो बीच किनारे कैंडललाइट डिनर आपकी शाम को और खास बना सकता है। इस दौरान मालदीव के लोकल सी-फूड और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेना भी न भूलें।
दूसरा दिन: स्नॉर्कलिंग से लेकर वॉटर स्पोर्ट्स तक करें एंजॉय
मालदीव की खूबसूरती सिर्फ इसके बीच तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां का समुद्री जीवन भी पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। ट्रिप के दूसरे दिन सुबह समुद्र के खूबसूरत नजारे के बीच ब्रेकफास्ट करें और फिर वॉटर एक्टिविटीज के लिए निकल जाएं।यहां स्नॉर्कलिंग के जरिए रंग-बिरंगी मछलियों, कोरल रीफ और समुद्री जीवों को करीब से देखने का मौका मिलता है। अगर आप पानी के भीतर रोमांच का अनुभव करना चाहते हैं, तो स्कूबा डाइविंग भी ट्राई कर सकते हैं।इसके अलावा एडवेंचर पसंद लोगों के लिए जेट स्कीइंग, पैरासेलिंग और कयाकिंग जैसी एक्टिविटीज भी शानदार विकल्प हैं। दिनभर रोमांच का आनंद लेने के बाद शाम को रिसॉर्ट के स्पा में रिलैक्स करें या सनसेट डॉल्फिन क्रूज पर जाएं। क्रूज के दौरान खुले समुद्र में डॉल्फिन देखने का अनुभव आपकी ट्रिप को यादगार बना सकता है।
तीसरा दिन: आइलैंड हॉपिंग और सैंडबैंक पर बिताएं खास पल
मालदीव की यात्रा के तीसरे दिन आसपास के द्वीपों को एक्सप्लोर करने का प्लान बनाएं। आइलैंड हॉपिंग के जरिए आप अलग-अलग द्वीपों की खूबसूरती, वहां के रहन-सहन और स्थानीय संस्कृति को करीब से जान सकते हैं।इस दिन किसी खूबसूरत सैंडबैंक पर जाना भी आपके ट्रिप का खास अनुभव हो सकता है। चारों तरफ नीला समुद्र, सफेद रेत और खुला आसमान आपको किसी पोस्टकार्ड जैसी दुनिया में होने का एहसास कराएगा। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यह जगह शानदार बैकग्राउंड साबित हो सकती है।इसके बाद किसी लोकल आइलैंड पर घूमने जाएं, वहां के बाजार एक्सप्लोर करें और मालदीव के पारंपरिक खानपान का स्वाद लें। स्थानीय लोगों की जीवनशैली को करीब से देखना आपकी यात्रा को सिर्फ छुट्टियों तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि एक नया अनुभव भी देगा।
चौथा दिन: माले सिटी घूमकर लौटें घर
मालदीव ट्रिप के आखिरी दिन सुबह ब्रेकफास्ट करने के बाद होटल से चेक-आउट करें और अपनी वापसी के लिए माले पहुंचें। अगर आपकी फ्लाइट शाम को है और समय पर्याप्त है, तो माले शहर घूमने का मौका न छोड़ें।यहां आप ऐतिहासिक ग्रैंड फ्राइडे मस्जिद, सुल्तान पार्क और लोकल फिश मार्केट जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। शहर के बाजारों से परिवार और दोस्तों के लिए स्मृति चिन्ह यानी सुविनियर्स खरीद सकते हैं। माले की छोटी-सी सिटी टूर के बाद एयरपोर्ट पहुंचकर अपनी वापसी की यात्रा शुरू करें।इस तरह 4 दिन और 3 रातों का मालदीव ट्रिप आपको समुद्र, रोमांच, खूबसूरत नजारों और सुकून का बेहतरीन कॉम्बिनेशन दे सकता है। अगर आप कम दिनों में विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मालदीव आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकता है।

No Previous Comments found.