'हिम्मत है तो संसद भंग कर बैलेट पेपर से कराएं चुनाव' -मल्लिकार्जुन खरगे
नई दिल्ली: बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कसी गई चुटकी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पलटवार करते हुए पीएम मोदी को बड़ी चुनौती दे डाली है। खरगे ने प्रधानमंत्री को हिम्मत दिखाने और संसद भंग कर पूरे देश में बैलेट पेपर से लोकसभा चुनाव कराने की चुनौती दी। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि शुक्रवार को 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'जन-महाभियोग' चलाएगा।
"संविधान और लोकतंत्र को खत्म कर रहे मोदी-शाह"—खरगे
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूरी तरह से पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "ज्ञानेश कुमार का आचरण और लोकतांत्रिक मानदंडों को ध्वस्त करने की यह योजना देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश है। शुक्रवार के कार्यक्रम में विपक्षी सांसद इकट्ठा होकर उनके इस आचरण पर अपनी बात रखेंगे।"
"2 सीटों वाली बीजेपी हमें न सिखाए, असल मुद्दे महंगाई और बेरोजगारी हैं"
पीएम मोदी द्वारा कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाने पर खरगे ने कहा कि छोटे-मोटे चुनावों के नतीजों से जनता का पेट नहीं भरता। उन्होंने कहा, "आज देश में चर्चा महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं पर होनी चाहिए। इन असली मुद्दों को छोड़कर वे कहते हैं कि कांग्रेस कहीं नहीं दिख रही। एक समय था जब पूरी संसद में बीजेपी की सिर्फ दो सीटें थीं, तो क्या हम उस बात को बार-बार दोहराते रहें?"

No Previous Comments found.