'वोट चोरी पर पर्दा डाल रहे मोदी-शाह': खरगे का बड़ा हमला
नई दिल्ली: 'वोट चोरी' और मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्षी दलों का हमला और तेज हो गया है। मंगलवार (27 अक्टूबर 2026) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों नेता 'वोट चोरी' के खिलाफ उठ रहे जनांदोलन को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। खरगे ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का बचाव क्यों कर रही है।
"चुनाव आयोग की अलमारी से निकल रहे कंकाल"—खरगे
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा, "जैसे-जैसे चुनाव आयोग की अलमारी से 'वोट चोरी' का पर्दाफाश करने वाले कंकाल बाहर आ रहे हैं, मोदी-शाह जनांदोलन को दबाने में जुट गए हैं। वे सीईसी ज्ञानेश कुमार को क्यों बचा रहे हैं?" उन्होंने आगे लिखा कि इस तरह के भटकाव वाले हथकंडे और झूठा प्रचार केवल मोदी सरकार की साख को गिरा रहा है और देश के लोकतंत्र को कलंकित कर रहा है। खरगे ने ऐलान किया कि 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन हर नागरिक के वोट और संविधान की रक्षा के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगा।
30 अक्टूबर को 'जन-महाभियोग' और 1 नवंबर को 'दिल्ली चलो' का ऐलान
विपक्षी गठबंधन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी कर चुका है। कांग्रेस ने 30 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक 'जन-महाभियोग' (Public Impeachment) चलाने का निर्णय लिया है। इसके बाद 1 नवंबर को विशाल 'दिल्ली चलो' मार्च निकाला जाएगा, जिसका समापन रामलीला मैदान में एक बड़ी जनसभा के रूप में होगा।

No Previous Comments found.