1 नवंबर को रामलीला मैदान में गरजेगा INDIA गठबंधन, ममता बनर्जी की अपील

कोलकाता: चुनावी धांधली और 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर विपक्षी 'इंडिया' (I.N.D.I.A) गठबंधन ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा पूरी तरह खोल दिया है। 1 नवंबर (रविवार) को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाली विशाल 'वोट बचाओ महारैली' के समर्थन में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हुंकार भरी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यह लड़ाई देश के हर नागरिक के मताधिकार और संविधान की रक्षा के लिए है।

"EVM, वोटर लिस्ट और काउंटिंग—सब पर सवाल"—ममता

ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाते हुए लिखा, "EVM जांच के दायरे में हैं, वोटर डेटा सवालों के घेरे में है, मतदाता सूचियां संदिग्ध हैं और वोटों की गिनती पर चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।" उन्होंने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और सिविल सोसाइटी के लोगों से 1 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान पहुंचने का आह्वान किया। ममता ने स्पष्ट कहा, "जब वोट पर खतरा हो, तो चुप्पी कोई विकल्प नहीं हो सकती। आइए, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक साथ खड़े हों।"

'तेलंगाना के कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोक रही सरकार'—वेणुगोपाल

रैली से ठीक पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। वेणुगोपाल का दावा है कि विपक्षी जनसैलाब से डरी बीजेपी सरकार ने भारतीय रेलवे के जरिए तेलंगाना के कांग्रेस सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के लिए विशेष ट्रेनों की बुकिंग रोक दी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने रोड़े अटका ले, 'वोट चोरी' के खिलाफ उठ रही जन-आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.