मानकनगर में युवती पर चाकू से हमला, दो भाइयों समेत चार पर केस दर्ज
लखनऊ : मानकनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दुकान से घर लौट रही युवती पर दो सगे भाइयों ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक युवक को भी हमलावरों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मूलरूप से हरदोई के बघौली की रहने वाली शालिनी मिश्रा पुत्री सुनील मिश्रा मानकनगर के मेहंदी खेड़ा में किराए पर रहती हैं और आलमबाग में एक दुकान पर काम करती हैं। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान से घर लौट रही थीं। आरडीएसओ ऑफिसर क्लब के पास विकास यादव पुत्र रोशन लाल ने अपने भाई शिवा यादव और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से वार कर शालिनी को लहूलुहान कर दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक युवक ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल शालिनी ने लोकबंधु अस्पताल में इलाज कराने के बाद मानकनगर थाने में तहरीर दी। मानकनगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि विकास यादव, शिवा यादव और दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.