अवैध रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, तीन वाहन जब्त

मंडला - जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने 24 जून को मंडला और डिडोरी क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त कर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान डंपर क्रमांक एमपी 20 एक्ससी 9155, ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 6007 और एमपी 51 एबी 2031 को बिना वैध अनुमति रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते पाया गया। इसके बाद तीनों वाहनों को तत्काल जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में लिया गया तथा संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को सुपुर्द कर दिया गया।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामलों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व की हानि रोकने के लिए अवैध खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध रेत उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा हाल के दिनों में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.