किसानों के हंगामे के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन! खाद गोदाम पर छापा,DAP और पोटाश के सैंपल जब्त

मंडला - जिले के निवास नगर के स्थानीय विपणन खाद गोदाम में किसानों के हंगामे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। गुरुवार (25 जून) को एसडीओ अरविंद वर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने गोदाम का औचक निरीक्षण कर खाद के स्टॉक की जांच की और गुणवत्ता परीक्षण के लिए सैंपल जब्त कर लिए।

क्या है पूरा मामला?

3 दिन पहले खाद वितरण के दौरान गोदाम प्रबंधक के खिलाफ किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। किसानों का आरोप था कि खाद वितरण में खड़ की गुणवत्ता अच्छी नहीं है,जिससे मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया था। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए और विशेष टीम गठित कर गोदाम की जांच शुरू कर दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोदाम में उपलब्ध खाद का भौतिक सत्यापन किया। जांच में IFFCO DAP के 270 बैग,नेचुरल पोटाश के 122 बैग मौजूद पाए गए। इसके अलावा गोदाम परिसर में अन्य बोरियां भी रखी हुई दिखाई दीं। हालांकि प्रशासन की ओर से जारी पंचनामा में मुख्य रूप से DAP और नेचुरल पोटाश के स्टॉक का उल्लेख किया गया है। टीम ने स्टॉक का रिकॉर्ड से मिलान किया और कर्मचारियों को खाद के सुरक्षित भंडारण एवं रखरखाव के निर्देश दिए।

खाद के सैंपल किए गए सील-

खाद की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अधिकारियों ने विभिन्न लॉटों से नमूने लेकर उन्हें विधिवत सील किया। अब इन सैंपलों को लैब भेजा जाएगा,जहां उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक चैनसिंह वरकडे भी कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में पूरे मामले का पंचनामा तैयार किया गया। आपको बता दे कि कार्यवाही लगभाग 4 घंटे तक चलती रही। जांच टीम में अधिकारी अरविंद वर्मा – एसडीओ,दिनेश वरकड़े – तहसीलदार,निवास,धर्मेन्द्र सिंह धुर्वे – टीआई,निवास,पंकज धुर्वे एवं अनिल पटेल – कृषि विकास अधिकारी,सुरेश सोलंकी – कृषि विकास अधिकारी, करंजिया, राहुल वाडिया – प्रबंधक,मार्कफेड गोदाम, ब्रजेश कुमार धुर्वे – पटवारी,चांद खान,एवम जिला और स्थानिय पत्रकार भी शामिल रहे.

प्रशासन का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों की शिकायत के बाद हुई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.