ठरका में बन रहा वेयरहाउस, लेकिन सूचना बोर्ड नदारद !
बम्हनी - बंजर के समीप ग्राम ठरका के पास स्थित उस ओपन कैप (Open CAP) स्थल पर,जहां वर्षों तक किसानों से खरीदे गए अनाज का भंडारण किया जाता रहा, अब मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) द्वारा आधुनिक वेयरहाउस का निर्माण कराया जा रहा है। यह निर्माण कार्य क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की खबर माना जा रहा है, क्योंकि खुले में रखा अनाज बारिश, धूप और नमी के कारण कई बार खराब होने का खतरा झेलता था। लेकिन इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की शुरुआत के साथ ही पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण स्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि वहां किसी भी प्रकार का सूचना बोर्ड (डिस्प्ले बोर्ड) नहीं लगाया गया है। आमतौर पर किसी भी शासकीय निर्माण कार्य के प्रारंभ होने से पहले या उसके साथ ही सूचना बोर्ड लगाया जाता है, जिसमें योजना का नाम,निर्माण एजेंसी,ठेकेदार का नाम,स्वीकृत लागत,निर्माण अवधि,कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित रहती हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने भी निर्माण कार्य की जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें किसी प्रकार की अधिकृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों एवं सुपरवाइजर से पूछताछ करने पर भी वे निर्माण की लागत, समय-सीमा तथा अन्य तकनीकी जानकारी नहीं बता सके। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब शासन के धन से निर्माण कार्य कराया जा रहा है तो उसकी मूलभूत जानकारी सार्वजनिक करने में आखिर हिचकिचाहट क्यों है? क्या सूचना बोर्ड न लगाना केवल लापरवाही है या फिर निर्माण कार्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को सार्वजनिक होने से रोकने का प्रयास? विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी सरकारी निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित तकनीकी निरीक्षण आवश्यक होता है। निर्माण में प्रयुक्त सीमेंट किस कंपनी का है, सरिया की गुणवत्ता और मोटाई निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं, मसाले (कंक्रीट) का अनुपात क्या रखा जा रहा है तथा निर्माण कार्य स्वीकृत डिज़ाइन के अनुसार हो रहा है या नही इन सभी बिंदुओं की समय-समय पर जांच संबंधित विभाग के इंजीनियरों और अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए। वेयरहाउस जैसी महत्वपूर्ण संरचना वर्षों तक किसानों के अनाज को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बनाई जाती है। इसलिए इसकी मजबूती,गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगवाता है, निर्माण संबंधी सभी जानकारियां सार्वजनिक करता है तथा गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करता है,ताकि शासन की राशि से बनने वाला यह वेयरहाउस आने वाले वर्षों तक किसानों और प्रदेश की खाद्य सुरक्षा के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके।
रिपोर्टर - प्रसन्न चंद्रौल
No Previous Comments found.