राष्ट्रपति भवन तक पहुँची ग्रामीण अंचल की बेटी पीहू परस्ते

मंडला : सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में रहकर भी हौसलों की उड़ान कितनी ऊंची हो सकती है, मंडला जिले के बीजाडांडी विकासखंड की 12 वर्षीय बेटी पीहू परस्ते ने यह साबित कर दिखाया है। ग्रामीण अंचल से निकलकर देश के सर्वाेच्च सदन राष्ट्रपति भवन तक का सफर तय कर पीहू ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। पीहू की यह सफलता गांव तथा क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बन रही है।
 
94.29 प्रतिशत अंकों के साथ किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
 
पीहू वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बरबटी में कक्षा 7वीं की छात्रा हैं। पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर और कुशाग्र बुद्धि की धनी पीहू ने अपनी कक्षा में 94.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। उनकी इस असाधारण उपलब्धि ने शिक्षकों और सहपाठियों के बीच उन्हें एक विशेष पहचान दिलाई और उनकी अद्वितीय प्रतिभा का लोहा मनवाया।
 
राष्ट्रपति भवन में महामहिम से ऐतिहासिक मुलाकात
 
इसी उत्कृष्ट प्रतिभा और शैक्षणिक योग्यता के कारण पीहू को मध्य प्रदेश के चुनिंदा प्रतिभावान बच्चों की सूची में शामिल किया गया। 26 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पिहू को देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अद्वितीय सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह दिन पीहू और उनके परिवार के जीवन का सबसे ऐतिहासिक और अविस्मरणीय दिन बन गया।
 
सफलता के पीछे परिवार और आजीविका मिशन का संबल
 
पीहू ग्राम पंचायत टिकरिया की निवासी हैं। उनके पिता श्री सति लाल परस्ते एक कृषक हैं, वहीं उनकी माता श्रीमती कलावती परस्ते राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बीजाडांडी में बैंक सखी और बीमा सखी के रूप में सक्रिय हैं। माँ की आत्मनिर्भरता और पिता के कठिन परिश्रम ने ही पीहू को जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा दी। पीहू ने अपनी इस सफलता का माता-पिता तथा गुरूजनों को दिया है।
 
रिपोर्टर : संतोष नंदा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.