"12 हजार से सीधे 67 हजार! बिजली बिल ने उड़ाए ग्रामीणों के होश, फूटा गुस्सा"
मंडला : जिले के निवास तहसील अंतर्गत मवई ग्राम में बिजली विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में आए 67 हजार रुपये के भारी-भरकम बिजली बिल ने ग्रामीणों को हैरान और परेशान कर दिया है। नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच और राहत की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में संचालित नल-जल योजना के दो बिजली कनेक्शनों का बिल हर महीने चंदा एकत्र कर जमा किया जाता है। आमतौर पर बिजली बिल 12 से 13 हजार रुपये के बीच आता था, लेकिन इस बार दोनो कनेक्शन का बिल मिलाकर दो माह का बिल सीधे 67 हजार रुपये पहुंच गया। अचानक पांच गुना से ज्यादा बढ़े बिल ने ग्रामीणों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के इतनी बड़ी राशि का बिल थोप दिया गया, जो पूरी तरह समझ से परे है। उनका कहना है कि गरीब ग्रामीण आखिर इतनी बड़ी रकम कहां से लाएं। मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। वहीं, बिजली विभाग ने अपने बचाव में कहा है कि विजिलेंस टीम की जांच के दौरान स्वीकृत क्षमता से अधिक विद्युत लोड का उपयोग पाया गया था। विभाग का दावा है कि नियमों के तहत अतिरिक्त लोड पर पेनल्टी लगाई गई है, जिसके कारण बिल की राशि बढ़ी है। अब मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच चुका है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और उन्हें राहत मिलेगी। फिलहाल मवई गांव में बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर चर्चा और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर : ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.