किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने कलेक्टर सक्रिय, गोदाम का किया निरीक्षण

मंडला - खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने गुरुवार को बड़ी खैरी स्थित शासकीय खाद गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद एवं खाद्यान्न के भंडारण, स्टॉक उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदाम में उपलब्ध खाद एवं खाद्यान्न के भौतिक स्टॉक का शासकीय अभिलेखों से मिलान किया तथा रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था की बारीकी से जांच कर खाद और खाद्यान्न का भंडारण वैज्ञानिक तरीके से किया जाए, ताकि नमी, रिसाव या अन्य कारणों से सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही गोदाम की साफ-सफाई, व्यवस्थित स्टैकिंग और सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने गोदाम में मौजूद अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं हमेशा कार्यशील और अद्यतन स्थिति में रहें, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों को खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। भंडारण, रिकॉर्ड संधारण अथवा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गोदाम परिसर में पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को खाद गोदामों का नियमित निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि अश्वनी झरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.