दिवारा हाईस्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंडला :  कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में शासकीय हाईस्कूल दिवारा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को जेंडर समानता, लिंगानुपात, पीसीपीएनडीटी एक्ट, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भू्रण लिंग जांच और लिंग चयन आधारित गर्भपात कानूनन अपराध है तथा समाज में बेटी और बेटे को समान सम्मान देना आवश्यक है।
सत्र के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य प्रबंधन, वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं एवं महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बिना सहमति निजी तस्वीरों के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलवी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने बच्चों के अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट तथा टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सूर्यांश साहू ने प्रथम, प्रतीक्षा हरदहा ने द्वितीय तथा आदित्य साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री मुरारी लाल लहांगरे, शिक्षकगण, वन स्टॉप सेंटर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
 
रिपोर्टर : संतोष नंदा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.