डस्टबीन गायब, कचरे के ढेर हाज़िर! मुख्य बस स्टैंड पर बदबू से दुकानदार बेहाल
मंडला - मंडला जिले के निवास नगर का मुख्य बस स्टैंड इन दिनों स्वच्छता नहीं, बल्कि गंदगी और बदबू के लिए चर्चा में है। बस स्टैंड के पास दुकानों के बाजू में डस्टबीन नहीं होने से कचरे के ढेर लग गए हैं। हालात ऐसे हैं कि दुकानदारों को दिनभर दुर्गंध के बीच कारोबार करना पड़ रहा है, जबकि यात्रियों और राहगीरों का वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।
दुकानदारों का कहना है कि जब नगर पंचायत ने डस्टबीन की व्यवस्था की थी, जिसकी देखरेख नहीं होने की वजह से डस्टबीन का अता पता नहीं है, तो लोग कचरा आखिर कहाँ डालें? बारिश के मौसम में सड़ता कचरा मच्छरों और संक्रामक बीमारियों को खुला न्योता दे रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि केवल मुख्य बस स्टैंड ही नहीं, बल्कि नगर पंचायत के कई वार्डों में वर्षों से नालियां खुली पड़ी हैं। नियमित सफाई और रखरखाव के अभाव में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के अपने दायित्व को निभाएगी, या फिर नगरवासी इसी तरह गंदगी और बदबू के बीच जीवन बिताने को मजबूर रहेंगे?
वही कुछ दुकानदारों का कहना है कि
"दुकान खोलते हैं तो ग्राहक से पहले बदबू का सामना करना पड़ता है।"
"कचरा डालने की जगह नहीं है, इसलिए गंदगी फैल रही है।"
रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता
No Previous Comments found.