कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक, 12 दावे मान्य
मंडला : वन अधिकारों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर एवं जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता मं गोलमेज कक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विभिन्न खंड स्तरीय समितियों से प्राप्त वन अधिकार दावा प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा की गई। अभिलेखों, सत्यापन रिपोर्ट और मैदानी निरीक्षण के आधार पर समिति ने कुल 12 वन अधिकार दावों को मान्य करते हुए अनुमोदन प्रदान किया। वहीं 2 दावा प्रकरणों में कब्जा क्षेत्र का रकबा बदलने के कारण उन्हें संबंधित खंड स्तरीय समिति को पुनः जांच के लिए रिवर्ट किया गया। शेष अन्य प्रकरणों में दस्तावेजों की पूर्ति और तथ्यों के सत्यापन हेतु उन्हें पुनः परीक्षण के लिए वापस भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन अधिकार अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में वन अधिकार पत्र उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए और प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए, ताकि वनवासी एवं आदिवासी परिवारों को उनके अधिकारों का लाभ शीघ्र मिल सके।
बैठक में वन मण्डलाधिकारी श्री एमएस मौर्य एवं सुश्री प्रीता एसएम, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी सहित राजस्व, वन एवं आदिवासी विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : संतोष नंदा
No Previous Comments found.