राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
मंडला - कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदन नियमानुसार आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज कराए जाएं तथा नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि पटवारी गांवों में जाकर नियमित रूप से जनसुनवाई करें तथा आरआई एवं तहसीलदार इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग करें। निरीक्षण प्रतिवेदन का संधारण आरआई एवं पटवारी द्वारा नियमित रूप से कराया जाए। ग्राम स्तर पर होने वाली बैठकों के लिए निर्धारित रजिस्टर संधारित कर प्रतिभागियों का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से रखा जाए। बैठक में चुटका परियोजना से संबंधित कार्यों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। कलेक्टर ने एसडीएम श्री सी.एल. वर्मा एवं तहसीलदार श्री हरिसिंह धुर्वे द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ईटीएस मशीन के माध्यम से सीमांकन कार्य के लिए संबंधित अमले को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण का प्रतिशत 95 प्रतिशत से अधिक रखने का प्रयास किया जाए। साथ ही फार्मर आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए 23 अगस्त तक 75 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने तथा लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी कार्यों में समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान बैठक में एडीएम श्री हुनेन्द्र घोरमारे,प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी श्री शैलेन्द्र चौधरी,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शिरी, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व,डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ,डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश कौशिक,तहसीलदार,नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
रिपोर्टर - संतोष नंदा
No Previous Comments found.