खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में मिली अनियमितताएं, सुधार सूचना पत्र जारी
मंडला : खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य कारोबार के नियमानुसार संचालन को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत के निराकरण हेतु बिछिया तहसील के ग्राम फोक सिझोरा स्थित सतीश जनरल एंड किराना स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना निर्धारित पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित करना पाया गया। प्रतिष्ठान में लगभग 400 रुपये मूल्य की अवसान तिथि (एक्सपायरी) वाली खाद्य सामग्री भी मिली, जिसे मौके पर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
इसी प्रकार 28 सितंबर को नगर पालिका के संयुक्त दल के साथ चौपाटी क्षेत्र स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कमल चाट भंडार एवं श्रीनाथ पाव भाजी केंद्र में खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियाँ पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। वहीं नगर पालिका के संयुक्त दल द्वारा दोनों प्रतिष्ठानों पर 500-500 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा एक्सपायरी एवं अनुपयुक्त खाद्य सामग्री के विक्रय से बचने के संबंध में जागरूक किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कारोबारकर्ताओं से निर्धारित नियमों एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
रिपोर्टर : संतोष नंदा

No Previous Comments found.