मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंडला आगमन आज, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का करेंगे वितरण
मंडला : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 4 अक्टूबर को मंडला प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंडला में आयोजित प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के सदस्यों हेतु प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख से अधिक की बोनस राशि वितरित की जाएगी, जिससे 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख से अधिक का काष्ठ लाभांश भी वितरित किया जाएगा। यह कार्यक्रम तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं वनोपज से जुड़े परिवारों के आर्थिक हितों को सुदृढ़ करने तथा उनके परिश्रम के सम्मान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मंडला जिले में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी जिले के हितग्राही भी लाभान्वित होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 2:30 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होकर तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री शाम 4ः50 बजे मंडला से जबलपुर के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम की तैयारियाँ पूर्ण मुख्यमंत्री के मंडला प्रवास एवं बोनस वितरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में आयोजन स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। संबंधित सेक्टर अधिकारियों को दायित्व सौंपकर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण-सह-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों को बोनस एवं लाभांश राशि का वितरण किया जाएगा।
रिपोर्टर : संतोष नंदा

No Previous Comments found.