सिझौरा में धूमधाम से मनाया गया मध्यप्रदेश स्थापना सह छात्रावास दिवस

सिझौरा (बिछिया) : राजा शंकरशाह रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर बालक छात्रावास एवं वीरांगना रानी दुर्गावती बालिका छात्रावास, सिझौरा के संयुक्त तत्वावधान में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस सह छात्रावास दिवस का भव्य आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया श्री कुलदीप पटेल एवं एसडीओपी बिछिया उपस्थित रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिछिया श्री आत्मजीत सिंह, पीएम श्री नार्मल स्कूल सिझौरा की प्रभारी प्राचार्य सुश्री मिनी तुमराली, छात्रावास पालक समिति के अध्यक्ष श्री विपत लाल मरावी सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।
पारंपरिक स्वागत एवं छात्रावास का भ्रमण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम श्री कुलदीप पटेल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन-वंदन एवं मध्यप्रदेश गान के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्रावास नायक तारेंद्र मरावी ने जनजातीय संस्कृति की पहचान पारंपरिक साफा और कलगी पहनाकर एसडीएम श्री कुलदीप पटेल का आत्मीय स्वागत किया। मंचीय कार्यक्रम से पूर्व छात्र नायक तारेंद्र मरावी एवं छात्र देवेन्द्र ताराम ने एसडीएम व एसडीओपी को संपूर्ण छात्रावास परिसर का भ्रमण कराया। छात्रों ने अधिकारियों को निःशुल्क फोन कॉल सुविधा, स्मार्ट क्लास संचालन, कंप्यूटर कक्ष एवं ओपन लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर छात्रावास के प्रबंधन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसकी सराहना की।
अतिथियों का प्रेरक उद्बोधन
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एसडीएम श्री कुलदीप पटेल ने शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व निर्माण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में परिस्थितियां बदलती रहती हैं और कभी-कभी कठिन समय भी आता है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में अपना आत्मविश्वास कमजोर न पड़ने दें। हमेशा उत्साहित रहें और अपने आत्मबल को मजबूत रखें, क्योंकि आपका आत्मविश्वास ही आपका समय और भविष्य बदल सकता है। वहीं, एसडीओपी बिछिया ने विद्यार्थियों को वर्तमान डिजिटल युग में सजग एवं सतर्क रहने की सलाह देते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आत्मजीत सिंह ने अपनी प्रेरक कविताओं और शायरी के माध्यम से बच्चों में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के कुशल मार्गदर्शन में संचालित 'प्रोजेक्ट संकल्प अभियान' के तहत विज्ञान एवं गणित संकाय के विद्यार्थियों के लिए नीट (NEET) और जेईई (JEE) की विशेष कोचिंग चलाई जा रही है। इसके अतिरिक्त सभी कक्षाओं में कठिन विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने, शिक्षकों से निःसंकोच अपनी शंकाओं का समाधान करने और नियमित स्वाध्याय कर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने का आह्वान किया, जिससे परिवार और विद्यालय गौरवान्वित हो सकें।
प्रतिभा सम्मान एवं सामूहिक भोज
समारोह के दौरान छात्र विमल प्रकाश मुराली द्वारा छात्रावास का वार्षिक प्रतिवेदन एवं आगामी कार्ययोजना का प्रभावी प्रस्तुतिकरण किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को एसडीएम एवं एसडीओपी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्रावास अधीक्षक श्री शीतेन्द्र सिंगौर ने संपूर्ण छात्रावास परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में, एसडीएम श्री कुलदीप पटेल, एसडीओपी सहित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ बैठकर सामूहिक भोज का आनंद लिया।

रिपोर्टर : संतोष नंदा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.