निवास में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम सम्पन्न, समितियों को नवांकुर संस्था बनने का दिया मंत्र

मंडला - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) द्वारा संचालित संवाद योजना अंतर्गत विकासखण्ड स्तरीय मासिक बैठक "प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम" अंतर्गत प्रशिक्षण का भव्य आयोजन जनपद पंचायत सभाकक्ष, निवास में किया गया। कार्यक्रम में विकासखण्ड निवास की समस्त प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य एवं परामर्शदाताओं, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चरणों में पुष्प हार अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों का पुष्प हार भेंट कर स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, सेवा भाव और संगठन की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष श्री घनश्याम सूर्यवंशी, पंचायत खण्ड अधिकारी श्री दान सिंह धुर्वे_, PCO श्री अमित ताम्रकार , समन्वयक श्री मनीराम झरिया एवं श्री जोशी जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंच संचालन एवं समन्वय विकासखण्ड समन्वयक श्री सूरज बर्मन जी द्वारा किया गया। सबसे पहले जनपद उपाध्यक्ष श्री घनश्याम सूर्यवंशी जी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रस्फुटन समितियां ही गाँव के विकास की असली रीढ़ हैं। सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारने का काम समाज के स्वयंसेवकों का है। उन्होंने कहा - जब तक गाँव का व्यक्ति खुद आगे नहीं आएगा, तब तक कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। प्रस्फुटन समिति का सदस्य सिर्फ पद नहीं, बल्कि गाँव की जिम्मेदारी है। नशामुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के काम में समिति को सबसे आगे रहना होगा।
उन्होंने समितियों से आह्वान किया कि वे पंचायत के साथ मिलकर काम करें, हर बैठक में गांव की समस्याओं पर चर्चा करें और उनका समाधान स्वयं खोजें। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद और पंचायत मिलकर काम करेंगे तो गाँव निश्चित ही आत्मनिर्भर बनेगा।

जन अभियान परिषद का परिचय एवं नवांकुर संस्था का उन्नयन

द्वितीय सत्र में विकासखण्ड समन्वयक श्री सूरज बर्मन जी ने जन अभियान परिषद का परिचय एवं नवांकुर संस्था का उन्नयन विषय पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद का गठन समाज और शासन के बीच सेतु बनाने के लिए किया गया है। परिषद का मूल मंत्र है - समाज की भागीदारी से विकास। परिषद प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्था और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव में स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार कर रही है।
उन्होंने समझाया कि - हर गाँव में बनने वाली प्रस्फुटन समिति ही परिषद की सबसे छोटी और सबसे मजबूत इकाई है।
 जो समिति नियमित बैठक करती है, अच्छा काम करती है और दस्तावेज सही रखती है, वही आगे चलकर नवांकुर संस्था_ बनती है। नवांकुर संस्था अपने सेक्टर की लीड स्वयंसेवी संगठन के रूप में काम करती है और अन्य समितियों का मार्गदर्शन करती है। संस्थागत उन्नयन का अर्थ है - समिति को सिर्फ कमेटी न मानकर एक सशक्त, पारदर्शी और आत्मनिर्भर संगठन के रूप में खड़ा करना। जब समिति रजिस्टर्ड संस्था बन जाती है, तब उसे शासन की योजनाओं, CSR और दानदाताओं का सहयोग आसानी से मिलता है। उन्होंने 12A और 80G की जानकारी देते हुए बताया कि 12A से संस्था की आय पर टैक्स माफ होता है और 80G से दानदाता को टैक्स में छूट मिलती है।_ इसलिए हर समिति को धीरे-धीरे रजिस्ट्रेशन की ओर बढ़ना चाहिए। दो सत्र समापन के बाद स्वल्पाहार वितरित किया गया।

दस्तावेज संधारण पर दिया विशेष जोर

तृतीय सत्र में श्री मनोज तिवारी जी द्वारा दस्तावेज संधारित करने हेतु रजिस्टर तैयार करने के बारे में बताया गया।
उन्होंने कहा कि दस्तावेज ही समिति की पहचान है। अगर दस्तावेज सही नहीं होंगे तो कितना भी अच्छा काम किया हो, उसे प्रमाणित नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि हर समिति को निम्न रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार रखना चाहिए -

1. बैठक एवं प्रस्ताव रजिस्टर हर बैठक की दिनांक, उपस्थित सदस्य, चर्चा के बिंदु और लिए गए निर्णय लिखित में दर्ज हों।
2. उपस्थिति रजिस्टर - हर बैठक में सभी सदस्यों के हस्ताक्षर हों।
3. कार्ययोजना रजिस्टर - महीने भर में क्या काम करना है, किसकी जिम्मेदारी है, यह साफ लिखा हो।
4. आय-व्यय एवं रसीद रजिस्टर हर आय और खर्च की रसीद सहित एंट्री हो।
5. गतिविधि एवं फोटो रजिस्टर किए गए कार्यक्रमों की फोटो और रिपोर्ट संधारित हो।
उन्होंने कहा कि रजिस्टर को साफ-सुथरा, समय पर और सभी सदस्यों की जानकारी में पूरा करना चाहिए। संवाद कौशल एवं समापन सके बाद अन्य सत्रों में संवाद कौशल, संस्थागत उन्नयन और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने गांवों की समस्याएं और सफलता की कहानियां भी साझा कीं। पंचायत खण्ड अधिकारी श्री दान सिंह धुर्वे एवं PCO श्री अमित ताम्रकार ने भी समितियों को पंचायत की योजनाओं से जोड़ने और नियमित संवाद बनाए रखने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने निस्वार्थ सेवा, स्वच्छता और नशामुक्ति का संकल्प लिया। अंत में सभी का आभार अभिलाषा दुबे जी द्वारा प्रकट कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।

रिपोर्टर - ऋषभ गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.