सफदरगंज पुलिस की बड़ी कार्यवाही रात में बिजली तार चोरी करने वाला अंतर्जनपदीय गिरोह गिरफ्तार
मसौली बाराबंकी : दिन में कुर्सी बेचने के बहाने रेकी कर रात में बिजली तार चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय शातिर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए सफदरगंज पुलिस ने एक टन से अधिक एल्युमीनियम व तांबे के विद्युत तार, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, एक अर्टिगा कार व एक पिकअप वाहन बरामद किया है। बताते चलें कि गत 30 दिसंबर की रात सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रा स्थित 220 केवी विद्युत उपकेंद्र के ओपन स्टोर से 13 ड्रम कॉपर वायर चोरी हो गए थे। इस संबंध में विद्युत उपखंड अधिकारी बाराबंकी राहुल कुमार ओझा पुत्र प्रेमचंद्र ओझा की तहरीर पर सफदरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ गैर जनपद के संदिग्ध लोग ग्राम रसौली के पास मोटरसाइकिलों पर कुर्सी बेचने के लिए आए हैं। मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष सफदरगंज अमर कुमार चौरसिया ने स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से मोटरसाइकिलों पर बंधी प्लास्टिक की 20 कुर्सियां भी बरामद हुईं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान अली उर्फ मुजफ्फर पुत्र सरवर अली निवासी अफजलपुर पट्टी थाना शहजादनगर जनपद रामपुर, वसीम पुत्र शफीक निवासी रूड़की थाना बहेड़ी जनपद बरेली, परवेज पुत्र नवी अहमद निवासी गुलरिहा थाना बहेड़ी जनपद बरेली, आरिफ पुत्र महमदू निवासी महतोष थाना खजुरिया जनपद रामपुर तथा आसिफ पुत्र शाबिर निवासी मोहल्ला नौगवां थाना सुनगढ़ी जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्तों ने पड़रा पावर हाउस पर हुई चोरी की घटना कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 16 बंडल एल्युमीनियम विद्युत तार (लगभग 5 कुंतल), 4 बंडल तांबे के तार (लगभग 1.09 कुंतल), 9 बंडल केबिल छिलका (लगभग 3.17 कुंतल), 4 बोरी तांबे का छिलका (लगभग 1.05 कुंतल), 3 तार कटर, 1 प्लास, 1 छोटी वेल्डिंग मशीन, अर्टिगा कार नंबर यूपी 22 बीटी 3748, महिंद्रा पिकअप यूपी 22 ए टी 7621 तथा 3200 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसका सरगना इरफान अली है। गिरोह ने लखनऊ में किराये का मकान लेकर उसे गोदाम बना रखा था। यह लोग गूगल सर्च के माध्यम से विद्युत उपकेंद्रों की लोकेशन तलाशते थे, फिर कुर्सी बेचने के बहाने जाकर रेकी करते थे और रात में तार चोरी कर लखनऊ के गोदाम में जमा करते थे। वहां तार छीलकर पिकअप से दिल्ली के कबाड़ बाजार में बेच देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्य नूर हसन, जावेद, वाहिद (पता अज्ञात) तथा सुनील कुमार निवासी अफजलपुर पट्टी थाना शहजादनगर जनपद रामपुर की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने थानाध्यक्ष सफदरगंज अमर कुमार चौरसिया सहित स्वाट व सर्विलांस टीम की सराहना की।
रिपोर्टर : नफीस अहमद


No Previous Comments found.