मायावती ने अंटू मिश्रा को बसपा से निकाला, 2027 से पहले बड़ा झटका

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। मायावती ने पूर्व कैबिनेट मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से बसपा से निष्कासित कर दिया है।

मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। अंटू मिश्रा बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के बेहद करीबी माने जाते रहे हैं। अंटू मिश्रा के 2027 में कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी करने की भी चर्चा थी।

बसपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अंटू मिश्रा लंबे समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। पार्टी नेतृत्व ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की।

अंटू मिश्रा का बसपा से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। सतीश चंद्र मिश्रा उन्हें पार्टी में लेकर आए थे। साल 2007 में बसपा ने उन्हें फर्रुखाबाद सदर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। चुनाव जीतने के बाद उन्हें मायावती सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था।

अंटू मिश्रा के साथ कभी सतीश चंद्र मिश्रा के करीबी माने जाने वाले नकुल दुबे भी बसपा में महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। नकुल दुबे लखनऊ की बक्शी का तालाब सीट से विधायक बनने के बाद कैबिनेट मंत्री बने थे। हालांकि बाद में उन्होंने बसपा छोड़कर कांग्रेस का रुख कर लिया।

अंटू मिश्रा पर यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। मायावती ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को विरोधी दलों के कथित साम, दाम, दंड और भेद जैसे राजनीतिक हथकंडों से सतर्क रहने की अपील की है।

बसपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के आंबेडकरवादी मिशन के प्रति पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया है। ऐसे में अंटू मिश्रा का निष्कासन चुनाव से पहले बसपा के भीतर संगठनात्मक अनुशासन और रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि अंटू मिश्रा के निष्कासन के बाद उनकी अगली राजनीतिक राह क्या होगी और क्या इसका असर 2027 के चुनावी समीकरणों पर भी दिखाई देगा?

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.