आकाश आनंद पर मायावती का बड़ा फैसला, बड़ी जिम्मेदारी से फिर दूर
लखनऊ में आयोजित बसपा की ऑल इंडिया स्तर की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद को अभी राजनीतिक रूप से और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है। फिलहाल उन्हें पार्टी में काम करने की अनुमति रहेगी, लेकिन बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारियां नहीं दी जाएंगी।
मायावती के इस फैसले के बाद आकाश आनंद ने भी अपने एक्स प्रोफाइल में बदलाव किया है। पहले वह खुद को राष्ट्रीय संयोजक बताते थे, लेकिन अब उन्होंने अपनी पहचान बसपा कार्यकर्ता के तौर पर बताई है। इस बदलाव के बाद उनके समर्थकों में निराशा देखने को मिल रही है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मायावती ने पार्टी संगठन को मजबूत करने, ज्वलंत मुद्दों पर बसपा का रुख स्पष्ट करने और पिछले कामकाज की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पदाधिकारियों को कमियों को दूर करने और पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।
आकाश आनंद को लेकर मायावती ने बसपा संस्थापक कांशीराम के सिद्धांतों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने अपने परिवार को पार्टी में काम करने की अनुमति दी थी, लेकिन चुनाव लड़ाने या संगठन में पद देने के पक्ष में नहीं थे। मायावती ने कहा कि वह भी इसी संकल्प पर आगे बढ़ रही हैं। मायावती ने यह भी कहा कि विरोधी दल साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर बसपा को चुनावी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी वजह से फिलहाल आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी से दूर रखा गया है।
गौरतलब है कि आकाश आनंद को लेकर मायावती पहले भी कई बार बड़े फैसले ले चुकी हैं। 7 मई 2024 को उन्हें बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर और मायावती के राजनीतिक उत्तराधिकारी पद से हटा दिया गया था। करीब डेढ़ महीने बाद 23 जून 2024 को उन्हें दोबारा नेशनल कोऑर्डिनेटर और उत्तराधिकारी बनाया गया।
इसके बाद 2 मार्च 2025 को मायावती ने आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर समेत सभी पदों से हटा दिया था और 3 मार्च को उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। हालांकि, अप्रैल 2025 में आकाश की बसपा में दोबारा वापसी हुई। इसके बाद 18 मई 2025 को उन्हें चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर जैसी बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई थी।
अब 3 सितंबर 2026 को मायावती ने एक बार फिर आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारियों से दूर रखने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आकाश को अभी राजनीतिक रूप से और अधिक परिपक्व होने की जरूरत है।
No Previous Comments found.