मायावती की जुबान पर अंबेडकर, लेकिन दिल में 'कमल'...कांग्रेस नेता ने साधा निशाना
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के सक्रिय होने के बाद अब उनके विरोधी भी सतर्क हो गए हैं। रविवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने बसपा सुप्रीमो पर जमकर निशाना साधा। उदित राज ने आरोप लगाया कि मायावती अब तक यूपी में बीजेपी को जिताती रही हैं, लेकिन अब बिहार में बीजेपी की मदद के लिए सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मायावती की जुबान पर अंबेडकर जरूर है, लेकिन दिल में 'कमल' है, और उनकी यह दोस्ती बीजेपी के साथ जय और वीरू की दोस्ती जैसी है।
मायावती ने सीएम योगी को दिया धन्यवाद
उदित राज ने कहा कि कांशीराम की पुण्यतिथि पर आयोजित रैली का उद्देश्य कहीं पर नजरें और कहीं पर निशाना साधना था। रैली में सीएम योगी को धन्यवाद दिया गया, जबकि सवाल सत्ताधारी पार्टी से पूछे जाने चाहिए थे। उनका दावा है कि इस रैली का सीधा असर बिहार चुनाव पर पड़ा, जिससे टिकटार्थियों को फायदा मिला और इंडिया एलायंस का वोट कटने में मदद मिली।
मायावती ने बीजेपी को जिताने में मदद की-उदित राज
उदित राज ने मायावती पर आरोप लगाया कि उन्होंने अब तक यूपी में बीजेपी को जिताने में मदद की, लेकिन बिहार में ऐसा नहीं कर पाएंगी। उन्होंने कहा कि 2022 में मायावती ने बीजेपी को जिताने में योगदान दिया था, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में यह संभव नहीं हो पाया। बिहार में उनका असर सीमित रहेगा और उन्हें कोई सांसद नहीं है, फिर भी वे इंडिया गठबंधन, कांग्रेस और आरजेडी को हराने के लिए बिहार में सक्रिय हैं।
उत्तर प्रदेश में बढ़ा उत्पीड़न-कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्पीड़न बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि मायावती दलितों की नेता हैं, लेकिन यदि दलितों को नौकरी मिलती है तो उन्हें क्या परेशानी हो सकती है। पीएम मोदी की रैलियों को लेकर उदित राज ने कहा कि अक्सर इन रैलियों में कुर्सियां खाली रहती हैं, जबकि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की रैलियों में लोग पेड़ पर चढ़कर भाषण सुनते हैं और मैदान भर जाता है।
No Previous Comments found.