तीन परीक्षा केंद्रों में 724 अभ्यर्थी हुए शामिल, प्रशासन की मुस्तैदी से सफलतापूर्वक संपन्न हुई परीक्षा
एमसीबी - राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 जिले में रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश के लिए आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए जिले में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, निगरानी, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। प्रशासनिक सतर्कता, प्रभावी समन्वय एवं बेहतर प्रबंधन के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
जिले में परीक्षा के लिए कुल 811 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 724 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 87 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति लगभग 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जो परीक्षार्थियों की गंभीरता, प्रतिबद्धता एवं परीक्षा के प्रति उनके उत्साह को दर्शाती है।
परीक्षा केंद्रवार प्राप्त आंकड़ों के अनुसार केंद्र क्रमांक 1719101 स्थित केंद्रीय विद्यालय, झारखंड में पंजीकृत 355 अभ्यर्थियों में से 320 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 35 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार केंद्र क्रमांक 1719102 स्थित केंद्रीय विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में पंजीकृत 312 अभ्यर्थियों में से 283 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 29 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं केंद्र क्रमांक 1719103 स्थित विवेकानंद पी.जी. कॉलेज, मनेन्द्रगढ़ में पंजीकृत 144 अभ्यर्थियों में से 121 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया। सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल तथा आवश्यक मार्गदर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों एवं परिजनों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे पूरे परीक्षा अवधि के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रही।
परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न होने पर जिला प्रशासन ने सभी केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, सुरक्षा कर्मियों, अधिकारियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों और जिम्मेदार कार्यशैली के कारण परीक्षा का सफल आयोजन संभव हो सका।
नीट (यूजी) 2026 के सफल आयोजन के साथ जिले में एक बार फिर प्रशासनिक दक्षता, प्रभावी परीक्षा प्रबंधन एवं सुव्यवस्थित समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। इससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हुआ, जो प्रशासन की प्रतिबद्धता और बेहतर व्यवस्थाओं का प्रमाण है।
रिपोर्टर - मुस्ताक कुरैशी
No Previous Comments found.