32 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक-युवती गिरफ्तार
चिरमिरी - एमसीबी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिरमिरी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा (IPS)एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह(IPS) के निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशा तस्करों के नेटवर्क पर लगातार प्रहार हो रहा है।
इसी क्रम में थाना चिरमिरी पुलिस ने 6 नंबर गोलाई के पास घेराबंदी कर एक युवक एवं एक युवती को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 22 हजार रुपए आंकी गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विवेक पटेल से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई। पूछताछ के दौरान अभिषेक समुंद्रे का नाम सामने आया था, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन तोड़कर फरार हो गया था। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में दहशत का माहौल है और उनका नेटवर्क कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह, एएसआई नयिम खान, महिला प्रधान आरक्षक रुकमणी बंजारे, आरक्षक विकास कुजु र एवं सैनिक प्रमोद साहू की सराहनीय भूमिका रही।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क एवं अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर - मुस्ताक कुरैशी


No Previous Comments found.