पाँच वर्ष पूर्व की वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल की छवि धूमिल करने का प्रयास
चिरमिरी - पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल कॉर्पोरेशन से जुड़े वरिष्ठ जनप्रतिनिधि डॉ. विनय जायसवाल ने सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे एक पुराने वीडियो को लेकर थाना चिरमिरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा उनका वर्ष 2021 का पुराना जन्मदिन संबंधी वीडियो भ्रामक तरीके से वर्तमान घटना बताकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. जायसवाल द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वायरल किया जा रहा वीडियो वर्तमान समय का नहीं बल्कि वर्ष 2021 का है, लेकिन उसे जानबूझकर वर्तमान परिस्थितियों से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे इस प्रकार प्रस्तुत कर रहे हैं मानो यह वीडियो हाल ही में सड़क पर केक काटने एवं सार्वजनिक अव्यवस्था संबंधी हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद का हो, जबकि यह पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है।
उन्होंने अपने आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया है कि 29 अप्रैल 2026 को वे अपने परिवार के साथ शिर्डी में मौजूद थे, जिसका प्रमाण भी उनके पास उपलब्ध है। इसके बावजूद सोशल मीडिया में पुराने वीडियो को नया बताकर वायरल करना एक सुनियोजित षड्यंत्र प्रतीत होता है, जिसका उद्देश्य जनता के बीच भ्रम फैलाना और उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा को धूमिल करना है।
डॉ. विनय जायसवाल ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आईटी एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति की छवि खराब करने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है।
इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि सोशल मीडिया का उपयोग अब राजनीतिक द्वेष निकालने और भ्रम फैलाने के लिए किया जा रहा है, जिस पर प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
रिपोर्टर - मुस्ताक कुरैशी

No Previous Comments found.