मेरठ होटल कांड का आरोपी सलमान एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, वीडियो में गिड़गिड़ाता दिखा
उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित होटल कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सलमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई दे रहा है, “सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।” पुलिसकर्मी उसे कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
होटल में युवती को बंधक बनाने का आरोप
मामला मेरठ के एक होटल से जुड़ा है, जहां एक युवती ने सलमान पर बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। आरोप है कि युवती किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर भागी, लेकिन आरोपी ने सड़क पर उसके साथ मारपीट की और उसे उठाकर ले गया। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
पुलिस ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग का लगाया आरोप
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को लोहिया नगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद थाना सदर बाजार में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित आरोपी सलमान (29) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक घेराबंदी के दौरान सलमान ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस से घिरने के बाद वह पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन नीचे गिर गया। इस दौरान उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोटें आईं।
तमंचा और कारतूस बरामद, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने घायल सलमान को पकड़कर इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। आरोपी सलमान रोहटा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

No Previous Comments found.