मेरठ में दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, पटाखे की आवाज से डरा 6 साल का मासूम, मौत
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर में पटाखे की तेज आवाज से डरे छह वर्षीय मासूम हर्ष की घर के अंदर गिरने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हर्ष ने सोमवार को निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, शिव शक्ति नगर निवासी नीरज प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। दिवाली की रात उनका छह वर्षीय बेटा हर्ष घर के दरवाजे पर खड़ा होकर त्योहार का माहौल देख रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक पटाखे चला रहा था। अचानक एक पटाखा तेज धमाके के साथ फटा, जिससे हर्ष बुरी तरह डर गया।
डर के कारण हर्ष घर के अंदर की तरफ भागा, लेकिन घबराहट में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फर्श पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। सोमवार को उपचार के दौरान हर्ष ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता नीरज और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में दिवाली की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया

No Previous Comments found.