मेरठ में 15 नवंबर को होगी अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की प्रदेश स्तरीय बैठक, कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा
मेरठ : अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की एक आवश्यक बैठक संगठन के सेक्टर-2, वेदव्यास पुरी स्थित मुख्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त मेजर जनरल एस.एस. अहलावत व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने की, तथा संचालन महासचिव कर्नल शिव प्रताप सिंह ने किया।
बैठक में समाज के विकास, संगठन के विस्तार और आगामी रूपरेखा को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
महत्वपूर्ण नियुक्तियां घोषित
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनकी घोषणा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने की। उपस्थित सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत कर इन नियुक्तियों पर हर्ष व्यक्त किया:
डॉ. अजय सिंह तोमर - संयोजक, अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा
अंकित चौधरी - प्रदेश अध्यक्ष, युवा जाट महासभा
मोनिका चौधरी - प्रदेश अध्यक्ष, महिला विंग
आशीष चौधरी - जिला अध्यक्ष, महासभा
15 नवंबर को होगी भव्य प्रदेश स्तरीय बैठक
सभा में यह निर्णय लिया गया कि आगामी 15 नवंबर को महासभा की एक बड़ी प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश भर से 3 से 4 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। मुख्य अतिथि: आचार्य देवव्रत जी (राज्यपाल, गुजरात राज्य)
विशिष्ट अतिथि: श्री के.पी. सिंह जी (कुलपति, गोरखपुर विश्वविद्यालय) एवं श्री करनैल सिंह जी (पूर्व निदेशक, ईडी)
समाज की कुरीतियों और गंभीर मुद्दों पर होगा मंथन।
महासभा के प्रवक्ता गजेंद्र सिंह पायल ने जानकारी दी कि 15 नवंबर को होने वाली इस विशाल बैठक में समाज में आ रही विभिन्न चुनौतियों और कुरीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर मंथन होगा:
* तलाक के बढ़ते मामले: समाज में बढ़ते तलाक के मामलों से परिवारों के बिगड़ते ताने-बाने पर गंभीर चिंतन।
सामाजिक कुरीतियां: समय से विवाह न होना, नशे की प्रवृत्ति, घटती जनसंख्या, मृत्यु भोज और दहेज प्रथा जैसी गंभीर समस्याएं।
विकास के मुद्दे: कृषि की उन्नति, उद्यमिता (एप्रेन्योरशिप) और व्यापार को बढ़ावा देना।
बैठक में मेजर जनरल (से.नि.) एस.एस. अहलावत, चौधरी अमन सिंह, कर्नल शिव प्रताप सिंह, गजेंद्र सिंह पायल, डॉ. जे.वी. चिकारा, कृष्ण चौधरी, डॉ. अजय तोमर, सुभाष लोहरि, हरबीर सुमन, मोनिका चौधरी, अंकित चौधरी, सत्येंद्र सहरावत, आशीष चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.