अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की कार्यकारिणी बैठक: देर से शादियां और घटती जनसंख्या पर जताई चिंता, व्यापार अपनाने पर दिया जोर

मेरठ : अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक संगठन के मुख्यालय वेदव्यास पुरी सेक्टर 2 पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चौधरी अमन सिंह ने की। बैठक में समाज की सामाजिक व आर्थिक स्थिति, युवाओं की सोच, देर से शादी होने और घटती जनसंख्या जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विवाह में देरी और टूटते रिश्तों पर गहरा मंथन
बैठक में समाज के युवक और युवतियों की देर से शादी होने पर महासभा के उपाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह बिड्डी ने गहरी चिंता जताई और कहा कि आज के युवा वर्ग की मानसिकता में पारंपरिक रूढ़ियों से हटकर आधुनिकता, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और स्वयं और तुरंत सफलता की लालसा तेजी से बढ़ रही है। जिसका प्रतिफल यह है कि चाहे लड़का हो या लड़की—विशेषकर मल्टीनेशनल कंपनियों में युवा वर्ग की 60% हिस्सेदारी लड़कियों की पाई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि देखा जा रहा है कि शिक्षित लड़कियां अब वैवाहिक जीवन में समझौता करने के बजाय बराबरी का हक मांगती हैं और बराबरी के चक्कर में बालिकाओं को कई बाधाओं का सामना भी करना पड़ता है। आज युवा पीढ़ी ने अपने अभिभावकों के भी पसीने छुड़ा दिए हैं; 70% अभिभावक अपनी इच्छाशक्ति से अपने बच्चों का विवाह तक नहीं कर पा रहे हैं। शायद आज का युवा अपने अभिभावक को इस लायक ही नहीं समझता कि वह उनके लिए भविष्य का साथी चुने। युवा वर्ग पाश्चात्य संस्कृति से इतना प्रभावित है कि उसे लगता है कि उनके अभिभावक शायद उन पर अपनी विचारधारा थोप रहे हैं और वे जाने-अनजाने ऐसे निर्णय लेते हैं कि कुछ समय पश्चात उनका दांपत्य जीवन न्यायालय की दीवारों तक पहुंच जाता है।
15 नवंबर को 'मंगलम ऑडिटोरियम' में होगा बड़ा महामंथन
महासभा के अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने इन सब समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा वर्ग की बदलती सोच से आज बहुत से घर या तो टूट चुके हैं या बर्बाद हो चुके हैं, जिस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। 15 नवंबर को होने वाली मीटिंग में इन सब समस्याओं पर गंभीरता से विचार-मंथन किया जाएगा, क्योंकि परिवार से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता और जब परिवार ही नहीं होगा तो ऐसी पढ़ाई-लिखाई, मेहनत या धन का क्या लाभ?
महासभा के प्रवक्ता गजेंद्र सिंह पायल ने मीटिंग के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेशक युवा आज तरक्की की राह पर हैं लेकिन रिश्तों के तार बिखर रहे हैं, इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की 15 नवंबर को सुभारती के मंगलम ऑडिटोरियम में होने वाली सभा में इन सब मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। 15 नवंबर की बड़ी मीटिंग के लिए आज कार्यकारिणी में तैयारियों की समीक्षा की गई और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां बांटी गईं।
आर्थिक उन्नति के लिए व्यापार भी जरूरी
बैठक के दौरान वक्ताओं ने समाज की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करने पर भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की आर्थिक और सामाजिक उन्नति के लिए नौकरी के साथ-साथ व्यापार में उतरना भी अत्यंत जरूरी है। केवल सरकारी या निजी नौकरियों पर निर्भर रहकर सर्वांगीण विकास संभव नहीं है; जब समाज के युवा व्यापार और उद्यम के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे, तभी समाज की वास्तविक उन्नति संभव हो सकेगी।
नई नियुक्तियों की घोषणा
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने संगठन को मजबूती देने के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की:
 * सचिन अहलावत: युवा जिला अध्यक्ष, बुलंदशहर
 * आचार्य भूपेंद्र: युवा जिला अध्यक्ष, बिजनौर
 * रजत अहलावत: युवा जिला अध्यक्ष, मुजफ्फरनगर
 * सूरज प्रधान: युवा जिला अध्यक्ष, बागपत
 * डॉ. आशीष चौधरी: प्रदेश अध्यक्ष, खेल प्रकोष्ठ।

रिपोर्टर : मुकेश  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.