मोदी-मेलोनी की केमिस्ट्री से कैसे पलटने जा रहा है ग्लोबल गेम?
सियासत के गलियारों से लेकर सात समंदर पार तक इस वक्त सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है, और वो है....'मेलोडी'! जी हां, सोशल मीडिया पर जिसने 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर इंटरनेट का सर्वर डाउन कर दिया है, वो कोई फिल्मी गाना या रील नहीं, बल्कि हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की खूबसूरत व दमदार प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की वो जादुई केमिस्ट्री है, जिसने पूरी दुनिया को दीवाना बना दिया है। आइए, आपको बताते हैं इस दौरे की वो इनसाइड स्टोरी, जो भारत की किस्मत बदलने जा रही है।
एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 दिनों में 5 देशों यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का तूफानी दौरा खत्म कर जब गुरुवार सुबह दिल्ली की सरजमीं पर कदम रखा, तो उनके स्वागत में जहां देश की आर्थिक चिंताओं को दूर करने के लिए महंगाई पर एक महा-बैठक इंतजार कर रही है...तो वहीं दूसरी तरफ देश के भीतर विपक्ष ने तीखे बयानों के तीर छोड़ दिए हैं! कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि "मोदी जी सबको बचत का उपदेश देकर खुद विदेश चले गए!" विपक्ष पूछ रहा है कि आखिर इस 5 देशों के दौरे से देश को क्या मिला? तो आपको बता दें जो लोग इस दौरे को सिर्फ एक 'सेल्फी' या 'मेलोडी मोमेंट' तक सीमित मान रहे हैं, उन्हें रोम के इतिहास और भारत की तिजोरी का भूगोल समझना होगा। ये सिर्फ दो नेताओं की मुलाकात नहीं, बल्कि चीन को मात देने और पाकिस्तान की कमर तोड़ने वाली भारत की महा-कूटनीति है! जी हां इस दौरे की शुरुआत जितनी कूटनीतिक थी, उतनी ही दिलचस्प भी रही। जब पीएम मोदी रोम पहुंचे, तो इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने उनका स्वागत किसी औपचारिक राष्ट्राध्यक्ष की तरह नहीं, बल्कि एक बेहद करीबी दोस्त की तरह किया। दोनों नेताओं की मुलाकात रोम के एक बेहद शानदार टेरेस पर हुई। वक्त था 'गोल्डन ऑवर' यानी सूर्यास्त का समय। ढलते सूरज की लालिमा के बीच मेलोनी पीएम मोदी को रोम के ऐतिहासिक ठिकानों के बारे में बता रही थीं और पीएम मोदी बेहद उत्सुकता के साथ उनसे सवाल-जवाब कर रहे थे। लेकिन असली धमाका तो तब हुआ जब पीएम मोदी ने मेलोनी को 'मेलोडी टॉफी' गिफ्ट की! इस पल का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, मानो आग लग गई। 100 मिलियन से ज्यादा लोगों ने इसे देखा। यह शब्द 'मेलोडी' यानि Modi + Meloni = Melodi से बना है।
आपको बता दें ये नाम पहली बार दिसंबर 2023 में दुबई के COP28 समिट में तब सामने आया था, जब मेलोनी ने खुद पीएम मोदी के साथ फोटो शेयर कर 'मेलोडी' लिखा था। तब से यह इंटरनेट का सबसे बड़ा ट्रेंड बन चुका है। मेलोनी ने इस बार भी खेल को आगे बढ़ाते हुए ऐतिहासिक कोलोसियम के सामने पीएम मोदी के साथ कार में एक शानदार सेल्फी ली और 'X' पर वीडियो पोस्ट कर लिखा.... "Welcome to Rome, my friend!" दरअसल, 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी की यह पहली आधिकारिक इटली द्विपक्षीय यात्रा थी। इस मौके पर उनके लिए एक बेहद खास और भव्य डिनर का आयोजन किया गया, जहां दोनों नेताओं ने देर रात तक दुनिया के सात अजूबों में शामिल कोलोसियम की वादियों में घूमते हुए वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।
वहीं अब बात करते हैं राहुल गांधी और विपक्ष के उस सवाल की कि "आखिर देश को क्या मिला?" तो इसका जवाब है कि भारत की आर्थिक और सामरिक सुरक्षा का ब्रह्मास्त्र! जाहिर है ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से इस समय दुनिया भर के बाजारों में उथल-पुथल है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार दबाव में है और देश को भारी मात्रा में डॉलर की जरूरत है। डॉलर तभी आएगा जब भारत का निर्यात बढ़ेगा। और यहीं पर एंट्री होती है इटली की! इटली यूरोपीय संघ में भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। साल 2025 में भारत और इटली के बीच कुल 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये का बंपर कारोबार हुआ। इसमें सबसे मजेदार बात यह है कि भारत घाटे में नहीं, बल्कि मुनाफे में है। भारत ने इटली को 96,045 करोड़ रुपये का माल निर्यात किया, जो 2024 के मुकाबले 9.42% ज्यादा है। वहीं, भारत ने इटली से सिर्फ 64,028 करोड़ रुपये का आयात किया। वहीं अब दोनों देशों ने लक्ष्य रखा है कि 2029 तक इस व्यापार को 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाया जाए।
पीएम मोदी का यह दौरा इसी लक्ष्य को पूरा करने की गारंटी है। आपको बता दें सिर्फ सामान ही नहीं, सर्विसेज के मामले में भी इटली भारत के लिए नोटों की बारिश कर रहा है। साल 2025 में दोनों देशों के बीच सर्विस सेक्टर का व्यापार 15 हजार करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल से करीब 19.94% ज्यादा है। यही नहीं, इटली में रहने वाले प्रवासी भारतीयों ने साल 2025 में 6,672 करोड़ रुपये भारत भेजे, जो पिछले साल के मुकाबले 32.8% की भारी बढ़ोतरी दिखाता है। इतना ही नहीं विदेशी निवेश के मामले में इटली भारत के टॉप 20 देशों में शामिल है। अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली ने भारत में 41 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश किया है। इस निवेश का सबसे बड़ा हिस्सा यानी 29.8% हमारे ऑटोमोबाइल सेक्टर में आया है। पीएम मोदी ने रोम में इटली के बड़े-बड़े उद्योगपतियों से मुलाकात की है, जिससे आने वाले दिनों में भारत में निवेश की नई बाढ़ आने वाली है। वहीं इस दौरे की सबसे बड़ी और कड़क कामयाबी डिफेंस के मोर्चे पर मिली है।
इतिहास गवाह है कि पाकिस्तान और इटली के बीच हमेशा से गहरे रक्षा संबंध रहे हैं। पाकिस्तान अपनी सेना को आधुनिक बनाने के लिए इटली से धड़ल्ले से हथियार खरीदता रहा है। लेकिन इस बार भारत ने पासा पलट दिया है। जी हां भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहले ही इटली के रक्षा मंत्री से साफ शब्दों में कह दिया था कि पाकिस्तान को हथियार बेचना बंद किया जाए। और अब, पीएम मोदी और मेलोनी की इस मुलाकात के बाद भारत और इटली ने अपने रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी में बदल लिया है। अब दोनों देश मिलकर रक्षा क्षेत्र में ज्वाइंट वेंचर शुरू करने जा रहे हैं। इसका मतलब यह है कि जो इटली कभी पाकिस्तान का मददगार था, अब वो भारत के साथ मिलकर डिफेंस टेक्नोलॉजी पर काम करेगा। इसके साथ ही, सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर भी इटली ने खुलकर भारत का समर्थन किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान और उसे पालने वाले देशों को बड़ा झटका लगा है।
कुल मिलाकर देखा जाए तो राजनीति में जो दिखता है, सिर्फ उतना ही नहीं होता। सोशल मीडिया पर जिसे लोग सिर्फ 'मेलोडी' का मीम या एक खूबसूरत रील समझकर स्क्रॉल कर रहे हैं, वो असल में अंतरराष्ट्रीय बिसात पर भारत की एक ऐसी चाल है जिसने दुश्मनों को चारों खाने चित कर दिया है। एक तरफ राहुल गांधी और विपक्ष इसे फिजूलखर्ची बताकर घेरने की कोशिश कर रहे हैं, तो वहीं बीजेपी इसे विपक्ष की हताशा करार दे रही है। लेकिन इन सबके बीच सच यही है कि पीएम मोदी का यह 5 देशों का दौरा, खासकर इटली की यह यात्रा...AI, अंतरिक्ष, रक्षा और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का एक महा-दस्तावेज बन चुकी है। तस्वीरें गवाह हैं, आंकड़े गवाह हैं और अब पूरी दुनिया गवाह है कि भारत और इटली की यह कूटनीतिक मिठास आने वाले वक्त में वैश्विक राजनीति का नया इतिहास लिखने जा रही है। विपक्ष सवाल उठाता रहेगा, लेकिन देश के विकास का पहिया और भारत का कूटनीतिक डंका इसी तरह दुनिया भर में गूंजता रहेगा!

No Previous Comments found.