अज्ञात वाहन की टक्कर से मध्यप्रदेश निवासी बाइक सवार किसान की हुई मौत

मिर्जापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बरम बाबा मोड़ से दो सौ मीटर आगे लहुरियादह गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच कर मृतक के जेब में मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त की। पुलिस ने घटना की सूचना मध्यप्रदेश पुलिस व परिजनों को दी। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के सलैया गांव निवासी 55 वर्षीय सुरेश कुमार पांडेय हलिया क्षेत्र के खोदाईपुर गांव निवासी अपने बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र के यहां श्रीमद्भागवत कथा के भंडारा व व्रतबंध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर में बाइक से आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर जाने के लिए निकले थे जैसे ही नेशनल हाईवे पर लहुरियादह गांव के पास पहुंचे तो पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सवार किसान का सिर अज्ञात वाहन के पहिए के नीचे कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंचे एसआई सुभाष यादव,एसआई रामविशाल हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव ने घटना की जांच पड़ताल करते हुए मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।साले की मौत की खबर पाकर ड्रमंडगंज थाने पहुंचे मृतक के बहनोई चंद्रिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि सुरेश कुमार पांडेय घर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर जा रहे थे कि रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। मृतक खेती किसानी कर परिवार का जीविकोपार्जन करते थे। मृतक को तीन पुत्र हैं जिनमें दो अविवाहित हैं। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मध्यप्रदेश निवासी बाइक सवार की अज्ञात वाहन की टक्कर से घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।घटना की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर : रफ़ी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.