गेहूं बोझ लदे ट्रैक्टर ट्राली में हाइटेंशन तार छूने से लगी आग, ट्राली में लदी गेंहू की फसल जलकर राख

मिर्जापुर - ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बरबसा गहरवार गांव में रविवार शाम पांच बजे के करीब  ट्रैक्टर ट्राली पर लदे गेंहू के बोझ में हाइटेंशन तार छूने से आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डिब्बा बाल्टी में पानी लेकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक गेंहू की फसल जलकर राख हो गई। बरबसा गहरवार गांव निवासी किसान चिंतामणि मिश्र शुकुलपुर गांव में काटी गई गेंहू की फसल को मड़ाई कराने के लिए अपने घर के पास खलिहान में लेकर आ रहे थे। जैसे ही बारीपुर मोहल्ले में प्रवीण तिवारी के घर के पास पहुंचे तो ट्राली पर लदा गेंहू का बोझ हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया। जिससे ट्राली में आग लग गई। ट्राली में आग लगी देख ट्रैक्टर चालक चीनी कोल ने शोरगुल मचाते हुए ट्राली को ट्रैक्टर से अलग कर दिया। जिससे ट्रैक्टर आग की चपेट में आने से बच गया। किसान चिंतामणि मिश्र ने बताया कि नीचे झूल रहा हाइटेंशन तार ट्राली पर लदे गेंहू के छू जाने से आग लग गई जिससे गेंहू के लदे हुए बोझ जल गये।घटना की सूचना हल्का लेखपाल को दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की।

रिपोर्टर - अंकित मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.