गंभीर रूप से घायल बाइक चालक मंडलीय अस्पताल रेफर
मीरजापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित लहुरियादह गांव में मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवारों को पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक चालक को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र के बुदामा गांव निवासी 57 वर्षीय लक्ष्मी नारायण पाल अपने नाती 18 वर्षीय अंकित कुमार पाल निवासी नेवढ़िया थाना सोहागी जिला रीवा मध्य प्रदेश के साथ बाइक सवार होकर प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी 56 वर्षीय अपने समधी हरिशंकर पाल उर्फ कैर के यहां गए। यहां से तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर सोमवार की शाम अपने रिश्तेदार के यहां बरात में शामिल होने के लिए मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के कचनार गांव गए थे। मंगलवार सुबह तीनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे सुबह नौ बजे के करीब जैसे ही लहुरियादह गांव में तो मध्यप्रदेश की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लक्ष्मी नारायण पाल व हरिशंकर पाल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा अंकित पाल गंभीर से घायल हो गया। हेलमेट पहनने की वजह से अंकित के सिर में चोटें नही आई जबकि पैर में गंभीर चोटें आई हैं।सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ विनोद सिंह, शिवाकांत पांडेय एसआइ पुनीत गुप्ता ने घटना की जांच करते हुए घायल बाइक चालक को उपचार हेतु न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर चोट को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। मध्य प्रदेश निवासी मृतक लक्ष्मी नारायण पाल को दो पुत्र हैं। प्रयागराज जिला निवासी हरिशंकर पाल उर्फ कैर को दो पुत्र और दो पुत्री हैं। जिसमें एक पुत्र अविवाहित है। दोनों मृतक खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर बसर करते थे। घटना की खबर पाकर मृतकों के रिश्तेदार व स्वजन रोते-बिलखते हुए ड्रमंडगंज थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम से घर लौट रहे बाइक सवार दो लोगों की ट्रेलर की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक अंकित पाल को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्टर : अंकित मिश्रा

No Previous Comments found.