ड्रमंडगंज घाटी का बड़का मोड़ घुमान बना हादसे का सबब

मीरजापुर : ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार की रात हुए हादसे में 12 लोगों की मौत ने नेशनल हाइवे की खामियों पर तमाम सवाल खड़े कर दिए हैं।ड्रमंडगंज घाटी में अब तक दर्जनों लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। बुधवार की रात में ब्रेक फेल होने से चना लादकर मीरजापुर की ओर जा रहा अनियंत्रित ट्रक कंटेनर में धक्का मारते हुए आगे चल रही बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में आग लग गई। अनियंत्रित ट्रक आगे चल रही स्वीफ्ट डिजायर कार में टक्कर मारते हुए गिट्टी लदे ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ा। कार ट्रक और ट्रेलर के बीच जाकर बुरी तरह से फंस गई। बोलेरो में लगी भीषण आग से आठ लोगों की ज़िंदा जलकर मौत हो गई वहीं बोलेरो चालक ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। घटना में कार चालक और ट्रक के खलासी की दबकर मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक ने अस्पताल में देर रात दम तोड़ दिया।दिल को दहला देने वाली इस घटना से क्षेत्रीय लोगों में शोक की लहर व्याप्त है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ड्रमंडगंज घाटी की अब तक की यह सबसे बड़ी सड़क दुघर्टना है। हादसे का मंजर देखकर लोगों की रुह कांप गई।

ड्रमंडगंज घाटी में हो रही घटनाओं पर रोकथाम के लिए कदम उठाए जाने की मांग 

स्थानीय लोगों ने ड्रमंडगंज घाटी में आए दिन हो रही घटनाओं को देखते हुए सड़क निर्माण की खामियों को दुरुस्त कराने की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार ने इस पर ध्यान नही दिया तो मौतों का आंकड़ा इसी तरह से बढ़ता रहेगा। क्षेत्रीय लोगों ने बड़का मोड़ घुमान के पास तकनीकी खामियों को दूर करने की राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण‌ से मांग की है। लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे की खामियों को दूर कर घटनाओं को रोके जाने की आवश्यकता है।

रिपोर्टर : अंकित मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.